सावलमेंढा पहुंची श्रद्धा संवर्धन यात्रा, गायत्री परिवार के साधकों ने किया स्वागत
27 जनवरी से 17 अप्रैल 2024 तक पूरे प्रदेश में भ्रमण करेगी यात्रा

बैतूल। सामाज में नैतिक मूल्यों की प्रतिस्थापना के उद्देश्य से शांतिकुंज हरिद्वार से श्रद्धा संवर्धन यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा सोमवार को सावलमेंढा स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। जहां गायत्री परिवार के साधकों द्वारा शक्ति कलश रथ का फूल माला से स्वागत किया गया। शक्ति कलश एवं श्रीचित्र का पूजन अर्चन एवं दीपदान ग्राम के वरिष्ठ पप्पू सेठ एवं ग्रामवासियों द्वारा किया गया। साथ ही ग्राम के लक्ष्मीनारायण शिवहरे, गुलाबराव अड़लक, दिवाकर सोनी, रेखा शिवहरे द्वारा श्रद्धा सवर्धन यात्रा रथ के साथ पहुंचे सेवाधारियों की व्यवस्था की गयी। यात्रा में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में गायत्री परिवार मध्यप्रदेश से पधारे धूमेश्वर झाड़े, बुधिराम सुजाने, शैलेन्द्र मायवाड़ एवं कमलेश डडोरे द्वारा वाद्य यंत्रो के साथ सुमधुर प्रार्थना, पूजन अर्चन किया गया। दूसरे दिन मंगलवार को प्रातः से शक्ति कलश रथ ने सावलमेंढा के आस पास के क्षेत्र घुघरी, चिखली गदराझिरी में भ्रमण किया। दोपहर में ग्राम सावलमेंढा के प्रतिष्ठित विद्यालय नारायण पब्लिक स्कूल में पहुंच कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। वक्ता धमेश्वर झाड़े ने विद्यार्थियों को प्रातः जागरण के बाद भूमिवंदन, माता पिता एवं वृद्धजनों को नित्य अभिवादन, मोबाइल के दुरूपयोग से बचना, ध्यान, जप एवं गायत्री मन्त्र की महिमा आदि ज्ञानवर्धक बातें बताई। विद्यालय की उप प्राचार्या निशा माथनकर ने सभी आगंतुकों का स्वागत कर धन्यवाद प्रेषित किया। इसके बाद यात्रा रथ ने कोथलकुण्ड के लिए प्रस्थान किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य सामाज में नैतिक मूल्यों की प्रतिस्थापना, जन साधारण के विचार सकारात्मक बने, व्यसन मुक्त समाज का निर्माण है। यात्रा 27 जनवरी से 17 अप्रैल 2024 तक पूरे प्रदेश में भ्रमण करेगी।




