आयुष चिकित्सकों को दिया ई-औषधी पोर्टल का प्रशिक्षण।
दवाओं की मांग से वितरण तक अब सब होगा ऑनलाइन ।

बैतूल। मध्यप्रदेश का आयुष विभाग अब परंपरागत चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक डिजिटल प्रणाली से जोड़ते हुए विभागीय कामकाज पूरी तरह ऑनलाइन करने की दिशा में आगे बढ़ गया है। संचालनालय के आदेशानुसार जिले और प्रदेश भर में आयुष चिकित्सकों को ई-औषधी पोर्टल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में 24 फरवरी को बैतूल जिले में ई-दक्षता केंद्र, दिशा सभा कक्ष में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि प्रशिक्षण में आयुष विभाग के लगभग 54 आयुष चिकित्सकों ने भाग लिया। मास्टर ट्रेनर डॉ. मनोज सूर्यवंशी एवं डॉ. सुशील सोनी द्वारा आयुष चिकित्सकों को परामर्श व्यवस्था से लेकर औषधि प्रबंधन तक पोर्टल आधारित प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
अब जिले के प्रत्येक आयुष औषधालय में ऑनलाइन प्लेटफार्म ई-औषधी पोर्टल के माध्यम से दवाओं की डिमांड, दवाइयों की प्राप्ति तथा रिकॉर्ड का संधारण ऑनलाइन किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि रोगियों की वास्तविक संख्या के अनुरूप दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित हो, जिससे जनता तक आयुष सेवाएं निर्बाध और सुगमता से पहुंच सकें।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग द्वारा योगा ब्रेक सत्र का भी आयोजन किया गया। इस सत्र के माध्यम से आउटडोर कार्य के दौरान होने वाले लाइफस्टाइल डिसऑर्डर से बचाव का संदेश दिया गया। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व तैयारी के तहत योग सत्र आयोजित कर सहभागियों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।




