पूर्व विधायक प्रतिनिधि पर आदिवासी युवक से मारपीट और जातिगत अपमान का आरोप।
युवा कांग्रेस ने चौकी प्रभारी को आवेदन देकर एट्रोसिटी एक्ट में एफआईआर की मांग की । कार्रवाई नहीं हुई तो ब्लॉक में उग्र आंदोलन की चेतावनी।

बैतूल। थाना रानीपुर अंतर्गत पुलिस चौकी घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के इमली मोहल्ला में 21 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे शासकीय नल जल योजना के कार्य स्थल पर आदिवासी श्रमिक विकास कुमरे पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने चौकी प्रभारी को आवेदन सौंपकर भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि विवेक जैन के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम तथा भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि कार्य के दौरान सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा होने की बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवेक जैन अपनी कार से उतरकर विकास कुमरे को मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए उसकी जाति को लक्षित कर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने लगे। इसके बाद उन्होंने हॉकी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे विकास कुमरे के दाहिने पैर और बाएं कंधे पर चोट आई है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि विवेक जैन अपनी राजनीतिक पहुंच का दुरुपयोग कर क्षेत्र में गरीबों और आदिवासियों का शोषण करते हैं तथा ऊंच-नीच और छुआछूत की भावना रखते हुए आए दिन मारपीट और गाली-गलौज कर दहशत फैलाते हैं। संगठन ने इसे कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बताते हुए आरोपित का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की भी मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव, जिला प्रभारी अक्षय जायसवाल, सह प्रभारी अर्पित तिवारी, प्रदेश महासचिव जितेंद्र सिंह इवने, दिगंबर पारधी, विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र भलावी, ब्लॉक अध्यक्ष रुपेश औरवंशी, रिंकू वर्मा, मुकेश मोहबिया, राजा इमरान खान, महेश सोनी, राजेश यादव, संतोष होते, पप्पू यादव, कैलाश यादव, सोनू धुर्वे, रामकरण यादव, संजू परते, पूरन उईके, महेंद्र उईके, रोहित राजपूत, अजय ठाकुर, सौरभ इवने सहित समस्त युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रकरण में त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे ब्लॉक में उग्र आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




