शिवरात्रि पर सोनाघाटी शिव मंदिर में 151 किलो चने व 61 किलो घी के हलवे की प्रसादी वितरित:
स्व.विश्राम सिंह मवासे की प्रेरणा से 25वें वर्ष में पहुंचा शिवरात्रि भंडारा, कन्या पूजन के साथ हुआ शुभारंभ|

बैतूल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोनाघाटी स्थित शिव मंदिर में आयोजित होने वाला भंडारा इस वर्ष अपने 25वें वर्ष में पहुंच गया। यह भंडारा स्व. विश्राम सिंह मवासे की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ था, जो अब रजत जयंती वर्ष के रूप में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत कन्या पूजन के साथ की गई, जिसके बाद शिवालय सोना गैस एजेंसी के संचालक महेंद्र सिंह मवासे एवं देवेंद्र मवासे ने भंडारे का शुभारंभ किया।
भंडारे में 151 किलो चने तथा 61 किलो शुद्ध घी से तैयार हलवे की प्रसादी श्रद्धालुओं को वितरित की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष भंडारे का स्वरूप और भी विस्तृत होता जा रहा है और श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछले लगभग 25 वर्षों से यह सेवा कार्य निरंतर जारी है। इस पुण्य कार्य में शिवालय सोना गैस सर्विस के समस्त कर्मचारी भरपूर सहयोग देते हुए सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।




