एक जिला एक उत्पाद योजना में सागौन पर फोकस । सागौन उत्पाद को मिलेगा बाजार, आरामशीन और फर्नीचर मार्ट संचालकों को ई–कॉमर्स और निर्यात की दी जानकारी।
बैतूल में आयोजित कार्यशाला में कारीगरों और उद्यमियों को मिला मार्गदर्शन।

बैतूल। एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत बैतूल जिले को सागौन उत्पाद के लिए चयनित किए जाने के बाद स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और फर्नीचर कारोबार से जुड़े लोगों को बाजार से जोड़ने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। इसी क्रम में बैतूल जिले में संचालित आरामशीन और फर्नीचर मार्ट संचालकों की कार्यशाला का आयोजन वन विद्यालय बैतूल में आयोजित किया गया।
कार्यशाला में सागौन उत्पाद को प्रोत्साहन देने और स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डीएफओ उत्तर सामान्य बैतूल नवीन गर्ग, बैतूल सॉ मिल टिम्बर अध्यक्ष राजा साहू, उद्योग संघ अध्यक्ष आशीष पांडे और लघु उद्योग भारती अध्यक्ष अंबेश बललुआपूरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित क्षेत्र के हितधारक उपस्थित रहे।
कार्यशाला में म.प्र. इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत चयनित सागौन उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों को ई–कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से विपणन और उत्पाद की प्रस्तुति के तरीके भी समझाए गए।
इस दौरान स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और हितधारकों को निर्यात के अवसरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सागौन से बनने वाले उत्पादों की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों के पालन और प्रभावी विपणन रणनीतियों पर भी मार्गदर्शन दिया गया, ताकि बैतूल का सागौन उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना सके।
कार्यशाला में उपस्थित संचालकों और उद्यमियों ने योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सागौन आधारित उत्पादों के उत्पादन और विपणन को बढ़ाने के लिए अपने सुझाव भी रखे। कार्यक्रम का उद्देश्य बैतूल जिले के सागौन उत्पाद को उद्योग और बाजार से जोड़ते हुए स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना बताया गया।




