निजी कुएं पर जबरन मोटर लगाने का आरोप, किसान ने एसपी से की शिकायत

बैतूल। चिचोली थाना क्षेत्र में निजी कुएं से जबरन सिंचाई करने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। किसान का आरोप है कि उसकी निजी भूमि पर बने पक्के कुएं में जबरन मोटर पम्प डालकर सिंचाई की जा रही है और विरोध करने पर उसे धमकाया जा रहा है।

ग्राम बिघवा निवासी शिकायतकर्ता फुलचंद यादव पिता गम्फा यादव ने पुलिस अधीक्षक बैतूल को दिए आवेदन में बताया कि मौजा सिपलई स्थित उसकी भूमि खसरा नंबर 11/1 रकबा 0.9000 हेक्टेयर उसके नाम दर्ज है। उक्त भूमि पर एक पक्का कुआं बना हुआ है, जिससे वह लंबे समय से अपनी फसलों की सिंचाई करता आ रहा है। आरोप है कि ग्राम सिपलई निवासी रामजी यादव ने 4-5 दिन पहले उसके कुएं में जबरदस्ती मोटर पम्प डालकर अपने खेत की सिंचाई शुरू कर दी।

फुलचंद यादव का कहना है कि जब वह कुएं पर पहुंचकर अनावेदक को रोकने गया तो वह 3-4 लोगों के साथ लकड़ी लेकर उसे मारने दौड़ा। आवेदक ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौच की गई और धमकी दी गई कि अगर किसी ने मोटर निकालने की कोशिश की तो जान से मार देंगे। किसान ने आशंका जताई है कि खेत पर जाने के दौरान उसके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है।

मामले को लेकर फुलचंद यादव ने तहसीलदार चिचोली के समक्ष भी आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि भूमि के खसरे की कैफियत में उक्त पक्का कुआं दर्ज है और अनावेदक का उस पर किसी प्रकार का हक या हिस्सा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनावेदक द्वारा बलपूर्वक विद्युत पंप लगाकर सिंचाई की जा रही है, जिसे हटाया जाना आवश्यक है।

इसी संबंध में थाना चिचोली में भी शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें आवेदक ने कुएं से मोटर पम्प हटाकर पुनः कब्जा दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button