दोबारा मतदान: मतदान करने के बाद दो उंगलियों पर अमिट स्याही का निशान दिखा रहे उत्साही मतदाता

Loksabha Re Poll : बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल संसदीय क्षेत्र में आने वाले चार मतदान केंद्रों के मतदाता आज सबसे अलग नजर आ रहे हैं। कारण यह है कि दो दिन बाद ही दूसरी बार मतदान करने का उन्हें मौका तो मिला ही साथ में उनके बाएं हाथ की दो उंगलियों पर अमिट स्याही का निशान उन्हें सबसे अलग बना रहा है।

दरअसल बैतूल जिले के मुलताई विधानसभा क्षेत्र में सात मई को मतदान संपन्न कराने के बाद जिस बस से सवार होकर मतदान दल ईवीएम लेकर लौट रहा था उसमें आग लग गई। आग में ईवीएम जल जाने से शुक्रवार 10 मई को दोबारा मतदान कराया जा रहा है। मतदान करने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
दो घंटे में 21.83% मतदान:
बैतूल जिले के चार मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से नौ बजे तक दो घंटे में 21.83% मतदान हो चुका है। रजापुर रैयत में 15.88%, डूडर रैयत में 27.69% , कुंदा रैयत में 26.96%, चिखली माल में 20.21% मतदान हुआ है।




