सोनखेड़ी में 11 जून से देवी भागवत कथा।
14 जून को पीताम्बरा सहस्त्रनाम महायज्ञ।

बैतूल। मुलताई क्षेत्र के ग्राम सोनखेड़ी में 11 जून से श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा रसपान एवं श्री मां पीताम्बरा सहस्त्रनाम महायज्ञ का आयोजन शुरू होगा। 11 से 13 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन मां बगलामुखी सिद्ध साधिका एवं संत गुरु माता मां देवी ज्ञानेश्वरी गोस्वामी द्वारा किया जाएगा।
आचार्य रविन्द्र मानकर ने बताया कि 11 जून को भव्य कलश यात्रा, गुरु वंदना एवं आदिशक्ति प्राकट्य की कथा के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा। 12 जून को नवदुर्गा, दशमहाविद्या और चौंसठ योगिनियों की महिमा का वर्णन किया जाएगा, जबकि 13 जून को भक्त चरित्र, देवी कृपा प्रसंग, महाआरती एवं कथा विश्राम होगा।
14 जून को श्री मां पीताम्बरा सहस्त्रनाम महायज्ञ एवं माँ बगलामुखी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार क्षेत्र के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
धार्मिक आयोजन के बाद 15 जून को दोपहर 3 बजे से रात्रि 10 बजे तक निःशुल्क त्रिकालदर्शी मां बगलामुखी दिव्य दरबार आयोजित किया जाएगा, जहां श्रद्धालु अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के समाधान के लिए उपस्थित हो सकेंगे।
इस आयोजन के यजमान नारायण दवण्डे एवं प्रमिला दवण्डे हैं। समिति सदस्य वासुदेव ताडगे ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर कथा, यज्ञ, महाप्रसादी एवं दिव्य दरबार का लाभ लेने की अपील की है। आयोजन समिति के अनुसार सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और पूरे क्षेत्र में श्रद्धा व उत्साह का माहौल है।




