छुरी से शुरू हुआ अजाक्स चला शिक्षा की ओर अभियान, विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने किया अभियान का शुभारंभ

प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

बैतूल। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से अजाक्स संघ जिला बैतूल ने अजाक्स चला शिक्षा की ओर कैरियर गाइडेंस अभियान का शुभारंभ ग्राम पंचायत छुरी से किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आमला विधानसभा के विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया और छात्र-छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, कलेक्टर सहित विभिन्न सेवाओं में चयन के लिए आवश्यक तैयारी, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर अध्ययन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब भी दिए।

इस कार्यक्रम में प्राथमिक शाला छुरी, सीताकामथ एवं बिसलदेही, माध्यमिक शाला छुरी एवं सीताकामथ तथा हाईस्कूल छुरी के छात्र-छात्राओं को करियर गाइडेंस, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, छात्रवृत्ति और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। संभागीय अध्यक्ष अनिल कापसे ने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन करते रहने का आह्वान करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति तक सीखना नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है।

जिला अध्यक्ष दशरथ धुर्वे ने नई पीढी को तकनीक के साथ शिक्षा को जोड़कर आगे बढ़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष घोड़ाडोंगरी सीमा अश्वारे ने किया। इस अवसर पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मुकेश उपराले, मंडल अध्यक्ष दीपक पटेल, मोहन मोरे, दलप तुमडाम, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अजाक्स संघ जिला बैतूल ने बताया कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे करियर गाइडेंस कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button