CRIME NEWS BETUL : बैतूलबाजार मार्ग पर बनी कालोनी में नकाबपोश गिरोह ने की लूटपाट, दो घायल
बैतूलबाजार थाना पुलिस की सतर्कता पर उठ रहे सवाल

CRIME NEWS BETUL : बैतूल। जिले के बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में नकाबपोश लुटेरों ने बीती रात आतंक मचा दिया। पुलिस की कथित सतर्कता की कलई खोलते हुए चोरों ने घर में घुसकर दो लोगाें से मारपीट की और सोने की माला छीनकर भाग गए। एक अन्य मकान की खिड़की में लगी ग्रिल तोड़ने के दौरान मकान मालिक के जाग जाने पर बदमाश भाग गए।
दो घटनाओं से बैतूलबाजार से लेकर बडोरा के बीच बनी कालोनियों के रहवासियाें में बेहद दहशत व्याप्त हो गई है। बैतूलबाजार पुलिस दोपहर बाद तक इन दो घटनाओं के संबंध में कोई जानकारी तक देने से परहेज करते रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के हनोतिया में मुख्य मार्ग पर बनी कालोनी में निवास करने वाले स्व. अभिषेक चौधरी के घर में रात करीब दो बजे पांच से छह नकाबपोश मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घुस गए। उन्होंने घर में घुसते ही स्व. चौधरी के माता-पिता जिस कमरे में सो रहे थे उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।

इसके बाद दूसरे कमरे में घुसकर आलमारी खोलने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान घर स्व अभिषेक की पत्नी ज्योति और उनके मौसेरे भाई रैन वर्मा ने आवाज सुनी तो वे उपरी मंजिल से नीचे आए। उन्हें देखकर बदमाशों ने लोहे की छड़ और लाठी से हमला कर दिया। इसमें रैन और ज्योति को गंभीर चोट आई। दोनों ने बदमाशों का मुकाबला किया तो वे ज्योति की माता के गले से सोने की माला छीनकर भाग गए।
दूसरी घटना बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के बटामा में एक अन्य कालोनी में निवास करने वाले बाबूराव पिता घनाराम वराठे के मकान में हुई। रात करीब तीन बजे नकाबपोश उनके घर के सामने पहुंचे और भीतर घुसने के लिए खिड़की का कांच राड से तोड़ने लगे। आवाज आने पर बाबूराव जागे और खिड़की के पास पहुंचकर उन्होंने बदमाश जिस लोहे की छड़ से ग्रिल तोड़ने का प्रयास कर रहे थे उसे पकड़ लिया अौर परिवार के लोगों को पुकार लगाई। घर के अन्य सदस्य जागकर आए तब तक नकाबपोश घटना स्थल से भाग गए।
उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में नकाबपोश नजर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस गुरुवार को मौके पर पहुंची और दोपहर बाद जांच पड़ताल प्रारंभ की गई। पुलिस ने घटनास्थल पर डाग स्क्वाड को बुलाकर पड़ताल शुरू की है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची और सुराग तलाशने का काम प्रारंभ कर दिया है। पुलिस ने दोनों ही वारदातों में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।




