हड़ताल के सातवें दिन संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को भेजे पोस्टकार्ड ।
संविदा नीति लागू करने से लेकर नियमितीकरण तक की मांगों पर अड़े कर्मचारी। लिखित आश्वासन मिलने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान।

बैतूल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को सातवें दिन भी जारी रही। आंदोलन के सातवें दिन प्रदेशभर के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पोस्टकार्ड और पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कर्मचारियों ने कहा है कि वे वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आज तक सेवा सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे मूलभूत लाभों से वंचित रहना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए। साथ ही नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक संविदा नीति-2023 के तहत सभी संविदा कर्मचारियों को नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) और स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जाए।

संविदा कर्मचारियों ने वेतन निर्धारण में मौजूद विसंगतियों को दूर करने, पे-बैंड के अनुसार वेतन निर्धारण लागू करने, प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि प्रदान करने तथा नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग भी उठाई है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश के हजारों कर्मचारी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेगी।
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा।




