महिला दिवस पर गेहूंरास में विश्वमांगल्यसभा ने लगाया स्वास्थ्य शिविर।

बैतूल। भारत का हर घर महापुरुषों के निर्माण का शक्ति केंद्र बने और हर घर का मातृस्थान सक्षम व सशक्त हो, इसी उद्देश्य को लेकर विश्वमांगल्यसभा अखिल भारतीय स्त्री जन संगठन विगत 16 वर्षों से देशभर में सक्रिय है। सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को समाज में जागृत करने के इसी संकल्प के तहत महिला दिवस पर विश्वमांगल्यसभा शाखा बैतूल द्वारा बैतूल नगर के समीप ग्राम गेहूंरास के सामुदायिक भवन में महिलाओं के लिए शारीरिक जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा डॉक्टर सुषमा सोनी द्वारा महिलाओं को स्वयं की स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में एकीकृत माध्यमिक शाला गेहूंरास की शाला प्रभारी श्रीमती लेखनी डोंगरे का सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर नेकी की राह सेवा कार्य से जुड़ी महिलाओं द्वारा कपड़े एवं फलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पुंसवन संस्कार भी संपन्न कराया गया, जिसके माध्यम से महिलाओं को भारतीय संस्कारों और संस्कृति के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका पर पदाधिकारियों ने विस्तार से विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को 13 एवं 14 मार्च को रविंद्र भवन भोपाल में आयोजित होने वाले विश्वमांगल्यसभा मध्य भारत प्रांत के अधिवेशन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया। आयोजन में विश्वमांगल्यसभा बैतूल की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यकारिणी पदाधिकारी एवं सदस्यगण की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।




