कलेक्टर ने नलकूप को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के दिए निर्देश…

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं.

बैतूल|24 फरवरी 2026

 

बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पेयजल सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

 

जनसुनवाई में प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम नागथाना में आवेदक द्वारा नलकूप पर अवैध कब्जे की शिकायत पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सीईओ जनपद पंचायत प्रभातपट्टन को तत्काल नलकूप को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

जनसुनवाई में आमला तहसील के ग्राम अम्बाड़ा निवास दीप सिंह चौहान ने खेत का कंप्यूटरीकृत नक्शा सुधारने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने आमला तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। इसी प्रकार मुलताई तहसील के ग्राम पिसाटा निवासी साहेबराव भुजाड़े ने खसरा नंबर सुधार कर खेत का नक्शा काटने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित पटवारी को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत टेमरु रैय्यत के किसानों ने सिंचाई में बिजली की समस्या को लेकर आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने एमपीईबी के संबंधित अधिकारी और वितरण केंद्र के अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।

 

राशन कार्ड बनवाए जाने की मांग

 

जनसुनवाई में ग्राम अम्बाड़ा निवासी शकुन मानकर ने राशन कार्ड बनवाए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने आमला तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में नरेश कुमार शाह ने कच्चे सेप्टिक टैंक का पानी रिसने से ट्यूबवेल का पानी गंदा होने की शिकायत आवेदन के माध्यम से की। आवेदक की समस्या को गंभीरता पूर्वक सुन कलेक्टर ने कॉलोनाइजर पर नाराजगी जाहिर की और डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अनिता पटेल को आवेदक और कॉलोनाइजर के साथ मौके पर जाकर कॉलोनाइजर से सुधार कार्य करवाने के सख्त निर्देश दिए। ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ निवासी सुलेखा ने आवेदन के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्लाट की बाउंड्री वॉल तथा बोर्ड तोड़ने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार खेड़ी सांवलीगढ़ को प्रकरण का त्वरित निराकरण किए जाने के निर्देश दिए।

 

भूमि से अवैध कब्जा हटाने के दिए निर्देश

 

जनसुनवाई में मुलताई तहसील की ग्राम पंचायत पारड़सिंगा के ग्रामीणों ने नल जल योजना की पाइप लाइन बदलने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने ईई पीएचई को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम पंचायत पारड़सिंगा में शासकीय अवैध अतिक्रमण हटाए जाने के आवेदन पर कलेक्टर ने मुलताई तहसीलदार को प्रकरण का शीघ्र निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। ग्राम दीवान चारसी निवास मेसराम धुर्वे ने भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

 

ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत किसानों का 10 मार्च तक करें सत्यापन: कलेक्टर श्री सूर्यवंशी

 

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 में ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत किसानों, रकबा और बोई गई फसल का सत्यापन किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों का सत्यापन ई-उपार्जन पोर्टल पर किसान पंजीयन की कार्यवाही के साथ-साथ तय समय-सीमा 10 मार्च तक तथ्यात्मक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपार्जन के समय किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो।

 

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देश दिए कि जिन किसानों के पंजीयन में दर्शाए गए रकबा/फसल और गिरदावरी में अंतर है, उनका विशेष सत्यापन किया जाए। वहीं पिछले वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत से अधिक किंतु 5 हेक्टेयर से ज्यादा रकबा दर्ज कराने वाले किसानों का सत्यापन अनिवार्य रूप से हो और 5 हेक्टेयर से अधिक रकबा वाले सभी किसानों का सत्यापन किया जाए। इसी प्रकार सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों के प्रकरणों की अलग से सत्यापन किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि वन पट्टाधारी किसानों के रकबा व फसल का सत्यापन वन विभाग के अमले द्वारा किया जाएगा, जिसकी प्रविष्टि डीएम एमपीएससीएससी लॉगिन से जिला प्रबंधक द्वारा की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय समय-सीमा में सत्यापन पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

 

 

दो दिवसीय प्रवास पर बैतूल आएंगे सैनिक कल्याण संचालक, पूर्व सैनिकों से करेंगे संवाद

 

संचालक सैनिक कल्याण मप्र भोपाल ब्रिगेडियर अरुण नायर, सेना मेडल (से.नि.) 25 एवं 26 फरवरी को बैतूल, मुलताई और सारणी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर पूर्व सैनिकों, शहीदों की पत्नियों और उनके आश्रितों से सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार 25 फरवरी को वे कारगिल चौक बैतूल पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में पूर्व सैनिकों, शहीदों की पत्नियों एवं उनके आश्रितों की समस्याएं सुनेंगे।

ब्रिगेडियर नायर 26 फरवरी को सुबह 10:30 बजे ग्राम मोही, मुलताई में द्वितीय विश्वयुद्ध की वीर नारी से भेंट करेंगे। इसके पश्चात 11 बजे शासकीय अस्पताल परिसर स्थित ईसीएचएस कैंप, मुलताई में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों से संवाद करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारणी में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। कैप्टन आईएन श्री सुमीत सिंह सेवानिवृत्ति जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी पूर्व सैनिकों, शहीदों की पत्नियों से अपील की है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button