सीएम का एक्शन: परिवहन आयुक्त सहित गुना कलेक्टर और एसपी और को हटाया

Mp Cm Order : मध्यप्रदेश के गुना में खटारा हो चुकी यात्री बस में आग लगने से 13 यात्रियों की मौत और 16 के झुलस जाने की घटना पर मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कड़ी कार्रवाई कर दी है। मुख्यमंत्री ने गुना के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इसके अलावा परिवहन आयुक्त को भी पद से हटाने की कार्रवाई कर दी है। परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह से भी दायित्व छीन लिया गया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को गुना पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। गुना में ही उनके द्वारा आरटीओ और नगर पालिका के सीएमओ को निलंबित करने के आदेश दे दिए थे। शाम होते-होते मुख्यमंत्री ने और बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्टर, एसपी और परिवहन आयुक्त को ही हटाने का फरमान जारी कर दिया।
गुना में कलेक्टर का प्रभार जिला पंचायत के सीईओ को सौंपा गया है जबकि परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव का प्रभार अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा को सौंपा गया है।मुख्यमंत्री के आदेश पर परिवहन आयुक्त संजय कुमार झा, कलेक्टर तरुण राठी और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार खत्री को हटा दिया गया है। परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह को अतिरिक्त दायित्व से मुक्त करते हुए अपर मुख्य सचिव राजेश राजोरा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गुना के जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रथम कौशिक को कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बस के आग का गोला बनने की घटना के बाद राज्य स्तर से सभी कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि यदि बगैर परमिट के वाहन चलते हैं तो सतर्कता बरतें और दोषियों के विरुद्ध कदम उठाएं। परिवहन विभाग के उच्च स्तर के अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री डा यादव ने गुना हादसे में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।




