भीषण हादसा: आग का गोला बनी बस में 13 यात्री हो गए भस्म, 16 गंभीर रूप से घायल
बस की बीमा व फिटनेस की अवधि भी समाप्त हो चुकी थी

MP News: मध्यप्रदेश के गुना जिले में खटारा बस की डंपर से हुई भिड़ंत के बाद लगी आग में 13 यात्री जिंदा जल गए और 16 गंभीर रूप से झुलस गए। भीषण हादसा तब हुआ जब गुना से आरोन जा रही सिकरवार बस को बुधवार रात करीब 8.30 बजे डंपर ने टक्कर मार दी। इसके बाद बस पलट गई और कुछ ही पल में उसमें आग लग गई। लोग बचने का प्रयास करते उसके पहले ही उसमे सवार 13 लोग जिंदा जल गए । जो बाहर निकले वे भी झुलस गए हैं।
बताया गया है कि 32 सीटर सिकरवार बस बुधवार रात करीब आठ बजे गुना से आरोन के लिए रवाना हुई। अभी बस जिला मुख्यालय से करीब सात किमी दूर घूम घाटी पर पहुंची ही थी कि डंपर ने टक्कर मार दी। इसके बाद बस घाटी से टकराई और आग लग गई। इस हादसे में 13 लोगों की जलने से मौत हो गई। इधर सूचना मिलते ही कलेक्टर तरुण राठी और एसपी विजय खत्री घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया।
बिना फिटनेस व बीमा के दौड़ रही थी बस
यह बस बिना बीमा और फिटनेस के दौड़ रही थी। बस की फिटनेस अवधि 17 फरवरी 2022 को खत्म हो गई और बीमा अवधि 30 अप्रैल 2021 को समाप्त हुई है। परिवहन विभाग व जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते बस की नियमित जांच नहीं हुई है।
लपटों में घिरे यात्रियों को बचाने कोई पहुंच नहीं सका
बस में इतनी अधिक आग की लपटें निकल रहीं थीं कि कोई व्यक्ति बस के अंदर फंसे लोगों को निकालने जा भी नहीं सका। जैसे ही बस में लपटें उठना शुरू हुईं वैसे ही यात्रियों ने चीख-पुकार शुरू कर दी। बस जिस मार्ग पर चल रही थी वह सुनसान इलाका था। बस के घाटी से टकराने के बाद रुकने पर कुछ यात्री बाहर निकले व फोन करके पुलिस को सूचना दी। कुछ यात्रियों ने बस के दरवाजे, खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस व प्रशासन का बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री आग से घिर गए
बस में आग लगने के बाद आगे व बीच की सीटों पर बैठे ज्यादातर यात्री निकल आए थे। बस के पिछले हिस्से में बैठे लोग धूं-धूं कर झुलसने लगे थे। जब तक पुलिस व प्रशासन का राहत दल पहुंचा तब तक दस लोग बुरी तरह झुलस गए। बस से निकाले गए एक यात्री ने अस्पताल में दम तोड़ा। मृतकों व घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
देखें वीडियो…
News update….




