भूजलिया घाट पर चला स्वच्छता अभियान, कचरा और गाद हटाई । जल गंगा अभियान के तहत नदी जीर्णोद्धार की पहल।
घाट क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में मिली सफलता ।

बैतूल बाजार। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आंबेडकर वार्ड स्थित भूजलिया घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नदी के जीर्णोद्धार को ध्यान में रखते हुए घाट क्षेत्र में व्यापक सफाई की गई, जिसमें गाद, कचरा और अन्य अवांछित पदार्थों को हटाया गया।
अभियान में नगर परिषद के सफाई कर्मियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। नगर परिषद के सीएमओ जी.आर. देशमुख स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने सफाई कार्य का निरीक्षण किया और लोगों से चर्चा कर जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
सामूहिक प्रयासों से घाट क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सफलता मिली। नगर परिषद ने नागरिकों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और कचरा न फैलाने की अपील की है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ जल स्रोत सुरक्षित रह सकें।




