Members of 10 villages learned how to test water: जल जीवन मिशन के तहत 10 ग्रामों के सदस्यों ने सीखा पानी जांचने का तरीका

होटल ग्रीन पार्क दनोरा में संपन्न हुआ तीन दिवसीय जल जीवन मिशन प्रशिक्षण


बैतूल। जल जीवन मिशन के अंतर्गत बैतूल जिले में 14 से 16 जनवरी तक होटल ग्रीन पार्क दनोरा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यपालन यंत्री मनोज बघेल और जिला समन्वयक भूपेंद्र मेनवे के मार्गदर्शन में मुख्य संसाधन केंद्र ग्रामोद्योग संस्थान के सहयोग से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 10 ग्रामों के ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
मास्टर ट्रेनर महेश गुंजेले ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है। पृथ्वी पर प्राकृतिक जल सबसे शुद्ध होता है, लेकिन इसमें भी अशुद्धियां हो सकती हैं। जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। इसके लिए पानी की गुणवत्ता की जांच करना अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान समिति सदस्यों को पानी का पी.एच. मान, क्लोरीन, हार्डनेस, क्लोराइड, अल्कालिनिटी, आयरन, नाइट्रेट, टर्बिडिटी, फ्लोराइड, अमोनिया और अन्य तत्वों की जांच की प्रक्रिया सिखाई गई। सदस्यों को यह भी बताया गया कि पानी में रासायनिक तत्वों की अधिकता मानव स्वास्थ्य पर किस प्रकार नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। प्रशिक्षण में बताया गया कि बोरॉन और पारा तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचाते हैं। क्लोराइड रक्तचाप बढ़ाने का कारण बनता है। शीशा बच्चों के मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। नाइट्रेट शिशुओं में ब्लू बेबी सिंड्रोम का कारण बनता है। फ्लोराइड दांतों और हड्डियों को नुकसान पहुंचाता है, जबकि आर्सेनिक कैंसर का कारण बन सकता है। इन सब कारणों से पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
– प्रतिभागियों को कराया ग्राम महदगांव का भ्रमण
प्रशिक्षण के दूसरे दिन सभी प्रतिभागियों को ग्राम महदगांव का भ्रमण कराया गया। यहां सामाजिक और संसाधन मानचित्रण का प्रदर्शन किया गया। ग्राम भ्रमण के दौरान जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों का अवलोकन भी किया गया। तीसरे दिन जल संरक्षण, जल गुणवत्ता निगरानी और स्थानीय कौशल विकास पर चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर महेश गुंजेले, अंकित सिंह ठाकुर और निलेश रघुवंशी सहित।ग्राम बड़ोरा, जोड़क्या, बाजपुर, अमघर, कोशमी, भरकावाड़ी, देवठान, हीवरखेड़ी, बांसपानी और खड़ला के ग्राम जल स्वच्छता समिति सदस्य, पंचायत सरपंच, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, पंप ऑपरेटर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button