Celebration of Digital Revolution: सीएससी आधार सेवा केन्द्र भवन में मनाया डिजिटल क्रांति का उत्सव
सीएससी आधार केन्द्र भवन में जिला स्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन

बैतूल। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला सीएससी आधार केन्द्र भवन में 16 जुलाई को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सीएससी के जिला प्रबंधक कमलेश रघुवंशी, विशाल झपाटे और उमेंद्र रड़वे ने कॉमन सर्विस सेंटर में संचालित सभी सेवाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में बताया गया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित अनेक जन हितैषी सेवाएं जैसे आधार केंद्र, बैंक कीओस्क, आयुष्मान, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान के ई-केवायसी, समग्र ई-केवायसी, लाडली बहना ई-केवायसी, टेली लॉ योजना, ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं, बैंकिंग सेवाएं, बीमा सेवाएं आदि सीएससी के माध्यम से प्रत्येक ग्राम एवं शहरी क्षेत्रों में प्रदान की जा रही हैं। इस कार्यक्रम में जिले भर के लगभग 50 सीएससी संचालकों ने भाग लिया। ग्रामीण भारत में डिजिटल योजनाओं के क्रियान्वयन में सीएससी संचालकों के महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रबंधक ने ग्रामीण अंचलों में डिजिटल सेवाओं के प्रसार के लिए सीएससी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सीएससी दिवस कार्यक्रम के पश्चात, सीएससी संचालकों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें उन्होंने किसानों को इस योजना के लाभों के बारे में जागरूक किया।




