केरपानी घाट में खड़ी ईंटों से भरी ट्रॉली से टकराई बाइक, 17 वर्षीय युवक की मौत

रात 12:30 बजे बैतूल से गांव लौटते समय हादसा; साथी गंभीर घायल, ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर चालक फरार

सड़क पर बिना चेतावनी खड़ी थी ट्रॉली, पुलिस ने शुरू की जांच

बैतूल। बैतूल-परतवाड़ा स्टेट हाईवे पर केरपानी घाट में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 12:30 बजे उस समय हुआ, जब सड़क पर पंचर होने के कारण खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक जा टकराई।

झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम जमन्या निवासी दुर्गेश पिता मुन्ना कासदेकर (17) मजदूरी का काम करता था। वह अपने एक साथी के साथ बैतूल से गांव लौट रहा था। केरपानी घाट पहुंचते ही उनकी बाइक सड़क पर खड़ी ईंटों से भरी ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी के हाथ में फ्रैक्चर आया है।

घटना की सूचना मिलते ही झल्लार थाना प्रभारी वाहिद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को परिजनों को सौंप दिया।

थाना प्रभारी वाहिद खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर पंचर होने के कारण ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी। चालक की जिम्मेदारी थी कि वह मौके पर चेतावनी संकेत लगाकर अन्य वाहन चालकों को सतर्क करता और वहीं मौजूद रहता, लेकिन वह ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया तथा ट्रॉली सड़क पर ही छोड़ दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और जांच के बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button