बैतूल में 458 बच्चों को मिला स्वर्ण प्राशन का लाभ।
चार केंद्रों पर हुआ आयोजन, बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावक।

बैतूल। आयुष विभाग द्वारा 24 अप्रैल को आयोजित स्वर्ण प्राशन अभियान में 458 बच्चों को लाभ मिला। यह आयोजन जिले के चार स्थानों पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि स्वर्ण प्राशन का आयोजन प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र पर किया जाता है। इस माह भी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्वर्ण प्राशन में स्वर्ण भस्म के साथ शंखपुष्पी, ब्राह्मी, वचा, घृत और शहद का मिश्रण बच्चों को दिया जाता है, जो उनके प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत करने में सहायक होता है।
कार्यक्रम के तहत शासकीय आयुर्वेद जिला चिकित्सालय टिकारी में 316 बच्चों, जिला चिकित्सालय आयुष विंग बैतूल में 50, शासकीय आयुर्वेद औषधालय गर्ग कॉलोनी में 76 और भैंसदेही में 16 बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। इस प्रकार कुल 458 बच्चों ने इसका लाभ लिया।
आयुष विभाग के अनुसार, स्वर्ण प्राशन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए उपयोगी माना जाता है और बदलते मौसम में बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में मदद करता है।
अगला स्वर्ण प्राशन 21 मई को पुष्य नक्षत्र पर आयोजित किया जाएगा। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों को लेकर आएं और इस योजना का लाभ दिलाएं।




