बैतूल के डॉ.नमन अग्रवाल को मिली ऑल इंडिया 106वीं रैंक

बैतूल। कड़ी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है, इसे बैतूल के होनहार युवा चिकित्सक डॉ. नमन अग्रवाल ने साबित कर दिखाया है। डीएम (डॉक्टरेट ऑफ मेडिसिन) के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा नीट-एसएस 2025 में डॉ. नमन अग्रवाल ने ऑल इंडिया रैंक 106 प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्हें देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में सुपर स्पेशियलिटी कोर्स में प्रवेश का अवसर मिला है।

डॉ. नमन अग्रवाल, बैतूल के लोकप्रिय एवं वरिष्ठ चिकित्सक रहे स्व. डॉ. जवाहरलाल अग्रवाल के पौत्र हैं। वे डॉ. मनीष अग्रवाल एवं डॉ. मनीषा अग्रवाल, दोनों दंत चिकित्सक, के पुत्र हैं। डॉ. नमन ने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद डीएनबी जनरल मेडिसिन में स्नातकोत्तर किया और अब चिकित्सा क्षेत्र की सर्वोच्च विशेषज्ञता डीएम में प्रवेश के लिए नीट-एसएस परीक्षा दी थी, जिसमें उन्होंने शानदार सफलता हासिल की।

डॉ. नमन ने बताया कि उन्होंने एमबीबीएस, डीएनबी और अब डीएम तीनों ही कोर्स के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षाएं नीट यूजी, नीट पीजी और नीट एसएस प्रथम प्रयास में ही उत्तीर्ण की हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और मित्रों ने बधाइयां दी हैं।

डॉ. नमन अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादाजी, माता-पिता, गुरुओं और सहयोगियों को देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button