Betul News : महिला के साथ दिनदहाड़े छीनाझपटी, पुलिस ने नहीं लिखी एफआईआर
Woman snatched in broad daylight, police did not file FIR
मंगलसूत्र एक हजार नगद छुड़ाकर भाग गया बदमाश
बैतूल। बीजादेही थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम चूना हजूरी की एक महिला ने दिनदहाड़े रामदास नामक एक व्यक्ति के खिलाफ छीना झपटी कर मंगलसूत्र और एक हजार छीन कर भागने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत महिला ने पुलिस अधीक्षक से की है। शिकायतकर्ता महिला दीना पति मुकेश यादव निवासी ग्राम चूनाहजूरी ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद उन्होंने बीजादेही थाने में शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने सादे कागज में रिपोर्ट लिख कर खानापूर्ति कर ली। जब महिला ने पुलिसकर्मियों को एसपी से शिकायत की बात कही तो उन्होंने एफआईआर नहीं लिखने की धमकी दी।
घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए महिला ने बताया वह ग्राम चुनाहजुरी में एस.बी.आई बैंक किओस्क में खाता खुलवाने गई थी। बैंक से आते समय रामदास यादव शराब के नशे में उनका पीछा करते हुए आया और छीनाझपटी करने लगा। गले में मंगलसूत्र था उसे छीनकर भागने लगा। एक हजार नगद भी छुड़ा लिए। घटना की शिकायत करने जब वह बीजादेही थाने गई तो एक सादे कागज पर गलत रिपोर्ट लिखी गई। महिला द्वारा इस बात का विरोध करने पर और एसपी से शिकायत करने की बात पर पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट नहीं लिखने की धमकी दी। महिला ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।