Betul news: स्कूली विद्यार्थियों की फरियाद, बना दो हमारे गांव की सड़क, स्कूल जाने में हो रही दिक्कत
शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण के चलते शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को हो रही परेशानी

Betul news: बैतूल। रोटी कपड़ा मकान के साथ-साथ सड़क भी मूलभूत जरूरतों में से एक है। लेकिन आज भी ग्रामीण अंचलों में सड़क की समस्या महत्वपूर्ण समस्या बनी हुई है। मंगलवार को जनसुनवाई में आमला विकासखंड के ग्राम उमरिया से ऐसा ही एक मामला सामने आया जहां सड़क की समस्या के कारण विद्यार्थी और शिक्षकों को बड़ी ही कठिनाइयों का सामना करते हुए स्कूल पहुंचना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि विद्यार्थी और शिक्षकों को स्कूल से लगभग 1 किलोमीटर दूर अपने वाहन पार्किंग कर पगडंडियों के रास्ते स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्कूल से दूर साइकिल पार्किंग करने के कारण कई विद्यार्थियों की साइकिल भी चोरी चली गई है, जिससे पलकों पर अतिरिक्त बोझ आ गया है। बताया जा रहा है कि यह समस्या सड़क की जगह अतिक्रमण करने की वजह से सामने आ रही है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे आवेदक सुनील मालवीय सहित अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि ग्राम उमरिया में शासकीय विद्यालय भवन निर्माण हुए 5 वर्ष से अधिक का समय हो गया है। कक्षा 6वी से लेकर 12वीं तक 10 से 12 गाव के लगभग-300 से अधिक विद्यार्थी अध्यनरत है, लगभग 15 शिक्षकगण सेवारत है। अभी तक स्कूल जाने के लिए सड़क निर्माण नहीं हुआ है। इस विषय में कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया, अभी तक किसी ने भी इस विषय पर ध्यान नहीं देकर सड़क निर्माण के लिए कार्यवाही नहीं की।
- Revenue Campaign : बैतूल कलेक्टर के प्रयासों से ढाई हजार से अधिक नामांतरण आवेदनों पर हो रही कार्रवाई
उन्होंने बताया शासकीय रास्ते पर दो ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण करके रखा हुआ था, तहसीदार आमला ने जून 2023 में अतिक्रमण हटाकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकगणों को स्कूल पहुंचने के लिए कच्चा रास्ता दिया था। वर्तमान में उस रास्ते पर ग्रामीणों द्वारा पुनः अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे स्कूल के विद्यार्थियों सहित शिक्षक शिक्षिकाओं को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सब होने के बावजूद भी विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई सार्थक प्रयास नहीं किए गए।ग्रामीणों ने किसी भी मद से जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण की मांग की ताकि शिक्षक और विद्यार्थी सुगमता से स्कूल तक पहुंच सके।




