Crime News : फिल्मी अंदाज में पेट्रोल पंप पर पहुंचे नकाबपोशों ने की बेरहमी से पिटाई, छीने रूपये
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना, पुलिस कर रही खोजबीन

Betul Crime News : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक पेट्रोल पंप पर फिल्मी अंदाज में बाइक सवार नकाबपोश पहुंचे और कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट कर रुपये छीनकर भाग गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस लूट जैसी घटना से भले ही इंकार कर रही है लेकिन मारपीट में घायल कर्मचारी ने 50 से 60 हजार रुपये छीनकर ले जाने का आरोप लगाया है।
बुधवार को दिन दहाड़े यह घटना बैतूल जिले के सारनी थाना क्षेत्र में ग्राम सूखाढाना के चंद्रास पेट्रोल पंप पर हुई है। यहां पर 10 से 15 बाइक पर सवार होकर हाथों में लाठी और पाइप लेकर पहुंचे नकाबपोशों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी कमलेश बामने को कमरे मेें घुसकर बेरहमी से पीटा और नकद राशि एवं दो मोबाइल लूट लिए।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने रानीपुर,घोड़ाडोगरी पुलिस के माध्यम से घेराबंदी करके मुख्य मार्ग से आवागमन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों की जांच पड़ताल प्रारंभ की। सीसीटीवी कैमरों में फुटेज से कुछ आरोपियों की पहचान भी कर ली गई।
बताया गया है किबुधवार को दोपहर करीब दो बजे बाइक पर तीन युवक शराब के नशे में आए और पेट्रोल डलवाने और पैसे को लेकर कर्मचारियों के बीच बहस हुई। इस बात पर नाराज होकर तीनों युवकों ने आसपास के गांव से कुछ लगभग 15 से 20 युवकों को सात मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले आए और कर्मचारी कमलेश बामने के साथ पहले तो जमकर मारपीट की गई, उसके बाद उसकी जेब और काउंटर में रखें रुपये लूटे और भाग गए। टीआई अरविंद कुमरे ने बताया कि लूट की घटना हुई है या नही इसकी तस्दीक की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश घोड़ाडोंगरी के आसपास के ही होने की जानकारी मिली है। पुलिस की टीम तलाश कर रही हैं।




