Betul News : स्वास्थ्य कर्मचारियों ने 23 दिन बाद स्थगित की हड़ताल
Betul News: Health workers postpone strike after 23 days
कर्मचारियों ने लिखित आश्वासन के बाद हड़ताल को स्थगित की
बैतूल। नियमितीकरण सहित 12 सूत्रीय मांग पर अड़े न्यू बहु उद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी आखिरकार 23 दिन बाद हड़ताल से वापस लौट आए हैं। कर्मचारियों ने लिखित आश्वासन के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया है। यदि एक महीने में कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं हुई तो फिर से कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी 8 मई से प्रांतीय आव्हान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। 12 सूत्रीय मांगों के निराकरण का लिखित आश्वासन मिलने के बाद संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी हड़ताल एक माह के लिए स्थगित कर दी है। आयुक्त संचनालय स्वास्थ्य सेवा मप्र भोपाल के लिखित आश्वासन पर प्रांतीय प्रतिनिधि मंडल ने हड़ताल स्थगित करने करने की घोषणा की।
वरिष्ठ अधिकारियों को दी काम पर लौटने की जानकारी
जिला अध्यक्ष संजय ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बैतूल, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे, जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र सिंह राजपूत को उपस्थिति पत्र सौंपा। समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, कर्मचारियों ने भी अपनी उपस्थिति दे दी है। 1 जून से समस्त कर्मचारी कार्य क्षेत्र में उपस्थित रहकर पिछड़े कार्य को पूर्ण करने में लग गए हैं। जिला अध्यक्ष संजय ठाकुर ने समस्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे सभी कर्मचारी मातृशक्ति और साथी कर्मचारियों के सहयोग से हड़ताल का सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना जाहिर की। उन्होंने कहा कि इसी तरह सभी को एकता बनाये रखने और अपने कार्यक्षेत्र में पूर्ण लगन और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की है।
संगठन की यह है मांग
संगठन की प्रमुख मांगो में वेतन विसंगति, पद नाम परिवर्तन, संविदा कर्मचारियों का नियमितिकरण, विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारी को उस पद का प्रभार दिए जाने, एएनएम, एमपीडब्ल्यू को अतिरिक्त टीबीए, 15 हजार इंसेंटिव दिया जाए, अनमोल एमपी सार्थक एवं एनसीडी एप का कार्य अन्य स्त्रोत से कराए जाने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि एएनएम, एमपीडब्ल्यू पर पूर्व से ही सभी राष्ट्रीय कार्यक्रम का उत्तर दायित्व है। कर्मचारियों ने एएनएम, एलएचवी को नरसिंग कैडर में रखे जाने सहित अन्य मांगों को भी प्रमुखता से उठाया।