Betul News: सापना जलाशय की नहर का सीमेंटीकरण करने में लीपापोती, गुणवत्ता ताक पर, किसानों ने काम बंद कराया
तकनीकी मापदंड का नही हो रहा पालन, किसानों के खेत में नही पहुंचेगा पानी

Betul News: बैतूल। मध्यम सिंचाई के सापना जलाशय की नहरों को सीमेंटीकृत करने के कार्य में तकनीकी गुणवत्ता और निर्धारित मापदंड का पालन नही किया जा रहा है। 8 करोड़ 27 लाख रूपये की लागत से हो रहे कार्य को लेकर बैतूलबाजार के किसानों ने ठेका कंपनी और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा की जा रही मनमानी को लेकर गुरुवार को मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और काम बंद करा दिया।

किसानों का आरोप है कि जलाशय की नहरें जब बनाई गईं थीं तब जो ऊंचाई थी उसे नजर अंदाज करते हुए गहराई में ही कांक्रीट बिछाया जा रहा है। इससे नहर नीचे हो गई है और खेत ऊंचाई पर हो रहे हैं। ऐसे में उनके खेत तक नहर का पानी ही नही पहुंच पाएगा। किसानों ने आरोप लगाया है कि ठेका कंपनी के द्वारा कांक्रीट बिछाने के लिए काली मिट्टी पर मुरम बिछाने की जगह लाल मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। इससे भविष्य में नहर पर बिछाया गया कांक्रीट धंस जाएगा ।

गुरुवार को सुबह बड़ी संख्या में किसान बयावाड़ी के समीप बारव्ही मार्ग की पुलिया पर पहुंच गए और नाराजगी जताई। किसानों ने मौके पर मौजूद ठेका कंपनी के इंजीनियर और जल संसाधन विभाग के मैदानी अमले से खेतों में पानी कैसे पहुंचेगा इसके सवाल किए। कोई भी ठोस जवाब नही दे पाया।
क्षेत्र के किसान नरेंद्र शुक्ला ने बताया कि विद्यायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयास से नहरों को पक्का करने का कार्य शुरू हुआ है। इसमें तकनीकी गड़बड़ी के कारण जिन खेतों में कच्ची नहर से बड़ी आसानी से पानी पहुंच जाता था उनमें नहर के पक्का होने पर पानी ही नही जा सकेगा। विभाग के तकनीनी अधिकारियों को इस समस्या से किसानों को छुटकारा दिलाना चाहिए।
किसान केके गोहिते ने बताया कि नहर के पक्का होने पर कई खेत में पानी ही नही जा सकेगा। विभाग को नहर बनाने के समय जो लेवल था उसके अनुसार ही पक्की बनवाना होगा।
जल संसाधन विभाग के द्वारा सापना जलाशय की 52 किमी लंबी नहरों में से करीब 38 किमी की नहरों का सीमेंटीकरण करने के लिए 8 करोड़ 27 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता स्तरीय निविदा समिति के द्वारा सापना मध्यम परियोजना विस्तार नवीनकरण, आधुनिकीकरण अन्तर्गत नहर लाईनिंग का कार्य, रिसेक्सनिंग पक्के कार्यों सहित की वित्तीय निविदा में न्यूनतम निविदाकार मेसर्स श्री राम कंस्ट्रक्शन कम्पनी ग्वालियर की निविदा जो मार्च 2021 में संशोधित यूएसआर 2017 पर प्राक्कलित राशि रुपये 827.99 लाख से 2.11 (दो दशमलव एक एक) प्रतिशत कम (8,10,52,358,11) है की स्वीकृति प्रदान की गई है।




