Betul news: रविन्द्र देशमुख को न्याय दिलाने में देरी के विरोध में आम आदमी पार्टी करेगी सामूहिक सर मुंडन

बैतूल। आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा नेता रविन्द्र देशमुख के सुसाइड मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी के विरोध में बड़ा कदम उठाते हुए सामूहिक सर मुंडन कराने का ऐलान किया है। इस संबंध में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव अजय सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि यदि 21 अक्टूबर से पहले मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो पार्टी द्वारा सोमवार को शिवाजी चौक पर सामूहिक मुंडन किया जाएगा।
अजय सोनी ने स्पष्ट किया कि रविन्द्र देशमुख की आत्महत्या के 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सिर्फ दो आरोपियों की ही गिरफ्तारी हो पाई है। बाकी के प्रमुख आरोपी, जिनमें भाजपा नेता रंजित सिंह और प्रकाश शिवहरे शामिल हैं, आज भी फरार हैं। पुलिस प्रशासन की कार्रवाई धीमी होने के कारण यह मामला अब तक सुलझा नहीं है।
कुनबी समाज और विपक्षी दलों का विरोध
रविन्द्र देशमुख के आत्महत्या के बाद से कुनबी समाज और विपक्षी दल लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। समाज की ओर से उठाई गई मांगों और प्रदर्शन के बावजूद पुलिस प्रशासन ने अभी तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। एसआईटी का गठन किया गया और आरोपियों पर 3000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया, लेकिन मुख्य आरोपी अब तक कानून की पकड़ से दूर हैं।
अजय सोनी ने बताया कि पार्टी इस मामले को लेकर गंभीर है, और यदि जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो सामूहिक मुंडन के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, और उनके खिलाफ सिर्फ पदमुक्ति की कार्रवाई की गई है, जबकि उनकी भाजपा संगठन से सदस्यता रद्द नहीं की गई है, जिससे उनका आत्मबल और बढ़ता जा रहा है।
परिजनों को नहीं मिली सुरक्षा
अजय सोनी ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि रविन्द्र देशमुख के परिजनों को अब तक कोई सुरक्षा नहीं दी गई है। सत्ता में बैठे नेताओं और प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया है। ऐसे में, अगर परिजनों के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?सोनी ने मांग की है कि प्रशासन इस मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करे और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
सामूहिक मुंडन का ऐलान
सोमवार को दोपहर 1 बजे शिवाजी चौक पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और उनके समर्थक सामूहिक मुंडन करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन रविन्द्र देशमुख और उनके परिजनों को न्याय दिलाने के लिए किया जा रहा है। अजय सोनी ने समाज के अन्य लोगों से भी इस मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है, ताकि इस मामले में न्याय हो सके और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द हो।सोनी ने चेतावनी दी है कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास न करे, बल्कि इसे जल्द से जल्द इसे सुलझाए।




