Betul Forest News : चरणबद्ध आंदोलन के तहत एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहे जिले के वन कर्मचारी
Betul Forest News: Under the phased movement, the forest workers of the district were on a one-day mass holiday.

बैतूल। अपनी लंबित मांगों का अब तक निराकरण नहीं होने के विरोध में मप्र वन एवं वन्य प्राणी सरंक्षण कर्मचारी संघ एवं रेंजर एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर जिले के वन कर्मचारी गुरुवार को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहे। वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष आकाश प्रधान ने बताया वन अपराध प्रकरणों में हुई हानि की वसूली वन कर्मचारियों के वेतन से नहीं किए जाने, पुरानी पेंशन बहाल करने सहित अन्य लंबित 5 सूत्रीय मांगो को पूर्ण करने अनेकों बार जिला प्रशासन सहित जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया गया, लेकिन आज दिनांक तक मांगों को पूर्ण नहीं किया है।
मांगो के पूर्ण नहीं होने से जिले के वन कर्मचारियों में सरकार के प्रति आक्रोश है और चरणबद्ध आंदोलन की राह पर है। चरणबद्ध आंदोलन के तहत जिले के वन कर्मचारी गुरुवार को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहे और मांगों को पूर्ण किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया चरणबद्ध आंदोलन के तहत आगामी 14 जून को भोपाल में राज्य स्तरीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
वन कर्मियों की यह है मांग
वित्त विभाग के आदेश के अनुसार (अ) समयमान-वेतनमान का लाभ 8 सितंबर 2014 से दिये जाने के आदेश में संशोधन करते हुए 1 अप्रैल 2006 के बाद नियुक्त वनरक्षकों को नियुक्ति दिनांक से समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाये तथा (ब) 1 जनवरी 2006 से प्रशिक्षण प्राप्त वनरक्षकों को 5680-20200-1900 का लाभ प्रदान किया जाए।स्थायीकर्मियों को वनरक्षक पात्रता अनुसार एवं कम्प्युटर आपरेटरों के सहायक ग्रेड -3 के रिक्त पदों पर नियमित किया जाए तथा शेष बचे कम्प्युटर आपरेटरों को सूचीबद्ध किया जाए।
समस्त मैदानी वन कर्मचारियों को पुलिस के समान निम्नानुसार अन्य आर्थिक लाभ प्रदान किया जाए ( अ ) वर्ष में 13 माह का वेतन, पोषण आहार भत्ता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लाभ प्रदान किया जाये। (ब) वनरक्षक से वनक्षेत्रपाल तक धरोहर राशि एफडी के रूप में जो जमा की जाती है, उस निर्देश का निरस्त किया जाए। वन अपराध प्रकरणों में हुई हानि की राशि की वसूली वन कर्मचारियों के वेतन से करना बन्द किया जाए।



