आयुष विभाग ने शुरू किया 100 दिवसीय काउंटडाउन अभियान।

1448 लोगों ने किया योगाभ्यास।

बैतूल। आयुष विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 100 दिवसीय काउंटडाउन अभियान के शुभारंभ के लिए जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में लोगों को योग और आयुष पद्धतियों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास के साथ आयुष पद्धतियों से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त की। अभियान के दौरान नोडल अधिकारी डॉ.वीरेन्द्र शाक्य और सहायक नोडल अधिकारी डॉ. मुस्कान भावसार के मार्गदर्शन में आयुष विभाग के सभी चिकित्सा अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों और योग सहायकों ने उपस्थित लोगों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से योगाभ्यास किया और आयुष पद्धति से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिला आयुष अधिकारी डॉ.योगेश चौकीकर ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को योग और आयुष पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे लोग योग के महत्व को समझ रहे हैं और योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान में कुल 1448 लाभार्थियों ने भाग लिया।

इसी क्रम में आगामी 30 मार्च को 75 दिवसीय काउंटडाउन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत पंचायतों और साप्ताहिक बाजारों में योग शिविर लगाकर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। आयुष विभाग बैतूल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित योग गतिविधियों में भाग लेकर इसका लाभ अवश्य प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button