awareness campaign: एड्स के खिलाफ लड़ाई में सबसे महत्वपूर्ण हथियार जागरूकता: डॉ. आनंद मालवीय

सुरगांव और बडोरा में चला सघन जागरूकता अभियान

बैतूल। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वाधान में चलाए जा रहे सघन जागरूकता अभियान के तहत 27 सितंबर को बैतूल जिले के सुरगांव में एचआईव्ही/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत सीबीएस कैंप का आयोजन कर स्वास्थ्य जांच भी की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला नोडल अधिकारी डॉ. आनंद मालवीय और कार्यक्रम प्रबंधक निर्देश मदरेले ने किया। उन्होंने बताया कि बैतूल जिले में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2024 तक यह सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका मकसद जिले के हर नागरिक को एचआईव्ही/एड्स के प्रति सजग और सतर्क बनाना है।

सुरगांव ग्राम पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच शकुन गोरसे, सचिव राजेश कवड़े, टीआई काउंसलर वर्षा खातरकर, ओआरडब्ल्यू भाग्यश्री तालमपुरिया, छाया प्रजापति, कीर्ति नामदेव, अभिषेक सोनी और आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं। कार्यक्रम में एचआईव्ही संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय और उसके उपचार की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही, बैतूल जिले के बडोरा स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। टीआई परियोजना की टीम ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के अंतर्गत बताया गया कि एड्स के खिलाफ लड़ाई में सबसे महत्वपूर्ण हथियार जागरूकता है। डॉ. आनंद मालवीय ने कहा कि सही जानकारी और समय पर चिकित्सा सहायता एचआईव्ही/एड्स को नियंत्रित करने में कारगर सिद्ध हो सकती है। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी उपस्थित गणमान्य और स्वास्थ्य कर्मियों ने जिले के लोगों को एचआईव्ही/एड्स के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button