Arya Samaj was established in Mumbai 150 years ago: 150 साल पहले मुंबई में हुई थी आर्य समाज की स्थापना
चिचोली में हुआ वैदिक यज्ञ, हवन में आर्यजनों ने दी आहुति

चिचोली। नगर के श्रद्धानंद आर्य समाज मंदिर में बीते रविवार को आर्य समाज का 150वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन हिंदू नववर्ष के शुभ अवसर पर रखा गया था, क्योंकि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रमी संवत 2082 के दिन ही आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण हुए। इस उपलक्ष्य में श्रद्धानंद आर्य समाज मंदिर में सुबह 11 बजे वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु आर्यजनों ने भाग लिया और यज्ञ में आहुति डालकर धर्म व समाज कल्याण की कामना की।
यज्ञ के पश्चात आर्य समाज के सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर आर्य समाज के प्रधान रोहित आर्य और मंत्री क्रांति आर्य ने बताया कि आर्य समाज की स्थापना 150 वर्ष पूर्व चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन राष्ट्र ऋषि दयानंद सरस्वती द्वारा सन् 1875 में मुंबई में की गई थी। यह ऐतिहासिक दिवस आर्य समाज की विचारधारा के प्रचार और सामाजिक उत्थान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सभी ने आर्य समाज के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और समाज में जागरूकता लाने के लिए अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर उपस्थित आर्यजनों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और वैदिक संस्कारों को अपनाने का संकल्प लिया।




