Appeal to improve hostel arrangements: आदिवासी छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं की कमी
युवा आदिवासी संगठन ने डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री से की छात्रावासों की व्यवस्था सुधारने की अपील
बैतूल। आदिवासी छात्रावासों और आश्रमों में छात्र-छात्राओं के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर युवा आदिवासी विकास संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह इवने के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर पटेरिया मैडम को दिया। ज्ञापन में आदिवासी छात्रावासों में ठंड के मौसम में बिस्तर और अन्य सामग्री की कमी का मुद्दा उठाया गया।
जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह इवने ने बताया कि बैतूल जिले के आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए जनजातीय कार्य विभाग द्वारा छात्रावास योजना के तहत आवास, भोजन, फर्नीचर और बिस्तर जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। हालांकि, पिछले दो वर्षों से बिस्तर और अन्य आवश्यक सामग्री के लिए किसी भी प्रकार की राशि शासन द्वारा आवंटित नहीं की गई है, जिससे छात्र-छात्राएं पुराने और खराब बिस्तरों में सोने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में बिस्तरों की कमी के कारण विद्यार्थियों को स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, अनुचित बिस्तर के कारण छात्रों को खुजली और अन्य त्वचा संबंधी बीमारियां हो रही हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।इस ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि आदिवासी छात्रावासों और आश्रमों में आवश्यक सामग्री के लिए शीघ्र राशि प्रदान की जाए, ताकि छात्रों को इन कठिनाइयों से निजात मिल सके। इस अवसर पर संगठन के जिला महासचिव रामदास उइके, दीपक उइके, सुनील कवड़े, रेवाराम सलामे, और आशीष उइके भी उपस्थित रहे।




