Golden opportunity for sportspersons aged 11 to 18 years: जुड़ो, सॉफ्टबॉल और एथलेटिक्स में निखरेगा आदिवासी प्रतिभाओं का भविष्य

शाहपुर और हमलापुर क्रीड़ा परिसरों में शुरू हुआ प्रवेश, 10 जून तक होंगे आवेदन

आदिवासी छात्र-छात्राओं को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण, आवास और भोजन

11 से 18 वर्ष तक के खिलाड़ी विद्यार्थियों के लिए सुनहरा मौका

चयन प्रक्रिया 18 से 24 जून तक, बालक और कन्या क्रीड़ा परिसर में मिलेगा एडमिशन
बैतूल। कलेक्टर कार्यालय अंतर्गत जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित शाहपुर स्थित बालक क्रीड़ा परिसर और हमलापुर बैतूल स्थित कन्या क्रीड़ा परिसर में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह सुविधा अनुसूचित जनजाति वर्ग के ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए है, जिनकी आयु 11 वर्ष से 18 वर्ष के बीच है और जो कक्षा छठवीं से बारहवीं तक अध्ययनरत हैं।
ऐसे विद्यार्थी जो खेलों में रुचि रखते हैं और चयनित क्रीड़ा परिसर में रहकर खेल के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं, वे 10 जून तक संबंधित क्रीड़ा परिसरों में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने के बाद चयन प्रक्रिया का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में विकासखंड स्तर पर 18 जून से 20 जून तक चयन होगा, जबकि जिला स्तर पर अंतिम चयन प्रक्रिया 22 जून से 24 जून के बीच पूरी की जाएगी।
प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को कोच और पीटीआई के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आवास, भोजन, खेल सामग्री, जूते-मोजे सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इन क्रीड़ा परिसरों में जुड़ो, सॉफ्टबॉल और एथलेटिक्स जैसी विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है।
चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र, पिछले वर्षों की अंकसूची तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। प्रवेश पाने के लिए खिलाड़ी को संबंधित खेल विधा से जुड़ी परीक्षा और बैटरी टेस्ट में उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। इस संबंध में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, बैतूल ने समस्त पात्र छात्र-छात्राओं से समय पर आवेदन कर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button