ट्रांसफार्मर के नाम पर आदिवासी किसानों से धोखाधड़ी, जयस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
भीमपुर के आदिवासी किसानों की फसल सूखने की कगार पर, ठेकेदार पर गंभीर आरोप

विद्युत ठेकेदार की लापरवाही से किसानों की बिजली कटी, जयस ने कार्रवाई की मांग की
बैतूल। विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर ठेकेदार द्वारा शुल्क वसूलने के बावजूद विद्युत विभाग को हैंडओवर नहीं किए जाने से भीमपुर विकासखण्ड के ग्राम खैरा, नहरपुर और बालु के आदिवासी किसानों की बिजली काट दी गई, जिससे सिंचाई ठप होने के कारण फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गईं और मामले को लेकर जय आदिवासी युवा शक्ति ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में जय आदिवासी युवा शक्ति जयस के प्रदेश संयोजक जामवंत सिंह कुमरे के निर्देश पर जयस युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सोनू धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें विद्युत ठेकेदार द्वारा आदिवासी किसानों के साथ की गई धोखाधड़ी की शिकायत की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम खैरा, नहरपुर, बालु, विकासखण्ड भीमपुर के गरीब आदिवासी किसान कान्स वल्द जुमला बारस्कर, लाखाजी पिता बुद्ध बारस्कर सहित अन्य किसानो ने विद्युत ठेकेदार राजेन्द्र कौशल निवासी हरदा को खेतों में विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने का ठेका दिया था। ठेकेदार द्वारा कुल चार ट्रांसफार्मर लगाए गए। साथ ही ट्रांसफार्मर को विद्युत विभाग को हैंडओवर करने की बात तय हुई थी, जिसके लिए ठेकेदार द्वारा मांगा गया शुल्क किसानों ने पहले ही अदा कर दिया।
आरोप है कि शुल्क लेने के बावजूद ठेकेदार राजेन्द्र कौशल ने ट्रांसफार्मर विद्युत विभाग को हैंडओवर नहीं किए। इसके चलते विद्युत विभाग के अधिकारियों ने खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों की बिजली काट दी। बिजली बंद होने से किसानों की सिंचाई पूरी तरह रुक गई है और फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विद्युत विभाग द्वारा ठेकेदार के विरुद्ध मोहदा थाना में एफआईआर दर्ज कराने हेतु पत्र जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
जयस ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ठेकेदार राजेन्द्र कौशल से तत्काल ट्रांसफार्मर विद्युत विभाग को हैंडओवर कराए जाएं तथा मासूम और अशिक्षित आदिवासी किसानों के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में ठेकेदार के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान जयस युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सोनू धुर्वे के साथ मांगीलाल बारस्कर खेड़ा, बाबूलाल बारस्कर, गोविंद यादव, शंकरलाल अखंड, दादू अखंडे, हीरालाल बारस्कर, कालिया बारस्कर, लखी बारस्कर, सुंदरलाल, मिश्रीलाल, बाबूलाल बारस्कर, कामसू बारस्कर, विश्राम, भूता, आशाराम, अमरलाल, निर्मल अखंडे, मुन्ना सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




