Crime News: स्क्रैच कार्ड में लकी नंबर आने पर कूलर, पंखा, गैस चूल्हा देने का झांसा देकर ठगने वाले UP के 10 ठग गिरफ्तार
बैतूल जिले में गांव के भोले-भाले लोगों से ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय

Crime News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ग्रामीणों को स्क्रैच कार्ड में लकी नंबर आने पर कूलर, पंखा, गैस चूल्हा देने का झांसा देकर ठगने वाले 10 ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी, एवं ठगी जैसी अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, ग्रामीण एवं महिलाओं को जागरूक करने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं। थाना आमला में 24.09.2024 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम देवपिपरिया में कुछ लोग काली-नीली टाटा सफारी क्रमांक UP 77 J 1999 में आकर स्क्रैच कार्ड को स्क्रैच करने पर लकी नंबर मिलने का झांसा देकर सस्ती दरों पर पोर्टेबल डीजे बॉक्स, गैस चूल्हा, पंखा, एवं कूलर जीतने की बात कहकर ग्रामीणों से ₹200 लेकर ठगी कर रहे हैं।

इस सूचना पर थाना प्रभारी आमला सत्य प्रकाश सक्सेना अपने बल के साथ ग्राम देवपिपरिया पहुंचे। मौके पर 10 आरोपियों को ग्रामीणों से ₹200 लेकर स्क्रैच कार्ड के बहाने इनाम का लालच देकर ठगी करते हुए पकड़ा गया।
ठगी के आरोपियों में मुकेश पिता कमल नायक, राहुल पिता सतपाल नायक, विनोद पिता लखन नायक, प्रदीप पिता सुरेश नायक, अमन पिता राजेंद्र उर्फ श्रीराम नायक, अनिल कुमार पिता जिलेदार नायक, अभिषेक पिता सतपाल नायक, आफिसर पिता भीकम नायक, दीपसिंह पिता अहिवरन सिंह औरबा बी पिता अहिवरन सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के जनपद इटावा, कासगंज, एटा, एवं कन्नौज के निवासी हैं, जिन्हें ठगी करते हुए ग्राम देवपिपरिया में पकड़ा गया।
आरोपियों के कब्जे से टाटा सफारी क्रमांक UP 77 J 1999, स्क्रैच कार्ड, कूपन, पोर्टेबल डीजे बॉक्स, गैस चूल्हा, पंखा एवं कूलर, गाड़ी की डिग्गी से बरामद किया गया है। इसके अलावा, इसी प्रकार की अन्य सामग्री मुलताई स्थित किराये के मकान से भी बरामद की गई है।
ग्राम देवपिपरिया निवासी शनि पिता भूता उईके की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 461/24 धारा 318 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।
आमला पुलिस ने ग्रामवासियों को ऐसी ठगी की घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में संलग्न दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।




