बैतूल में आज से शुरू होगा तीन दिवसीय पुस्तक मेला । विकासखंड स्तरीय बैठक में दी जानकारी।

बैतूल। बैतूल में आज से तीन दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन शुरू होगा। शासन के निर्देशानुसार यह मेला 2, 3 और 4 अप्रैल को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंज में आयोजित किया जाएगा। मेले का शुभारंभ आज 2 अप्रैल को दोपहर 2 बजे अतिथियों द्वारा किया जाएगा, जबकि 3 और 4 अप्रैल को मेला सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
इस आयोजन को लेकर बुधवार 1 अप्रैल को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभा कक्ष में विकासखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी नवीन प्रहलादी और विकासखंड स्त्रोत समन्वयक दुर्गेश रघुवंशी ने अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षकों और स्थानीय प्रकाशकों व पुस्तक विक्रेताओं के साथ चर्चा कर सर्वसम्मति से मेले के आयोजन का निर्णय लिया।
शिक्षा विभाग ने सभी अशासकीय विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे पालकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को पुस्तक मेले की जानकारी दें और उन्हें इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें। साथ ही स्थानीय प्रकाशकों और पुस्तक विक्रेताओं को सभी कक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।




