Gold medal news:बैतूल की सोनल ने नागपुर यूनिवर्सिटी में किया टॉप
आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ ने नागपुर में किया सम्मानित

बैतूल। महाराष्ट्र की राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ विश्वविद्यालय से बैतूल की छात्रा सोनल भार्गव ने विधि स्नातक (बीए एलएलबी) में प्रथम स्थान हासिल किया है। यूनिवर्सिटी की मैरिट लिस्ट में सोनल प्रथम आई है। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में गत दिवस सेना के चीफ ऑफ स्टाफ ने स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि सोनल भार्गव, जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) में पदस्थ एकाउंट ऑफिसर एवं भार्गव सभा बैतूल के सचिव सुधीर भार्गव-एलएफएस स्कूल बैतूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत श्रीमती स्वाति भार्गव की सुपुत्री हैं।
सोनल भार्गव ने महाराष्ट्र की राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले डॉ. बाबा साहेब आम्बेडकर कॉलेज ऑफ लॉ में कानून की पढ़ाई की है। उन्होंने हाल में ही बीए एलएलबी में नागपुर यूनिवर्सिटी की मैरिट लिस्ट में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। गत दिवस नागपुर विद्या पीठ में आयोजित एक भव्य समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल चीफ ऑफ स्टाफ साऊथ मंजीत कुमार सिंह ने सोनल को सम्मानित किया। सोनल को दो स्वर्ण पदक और पारितोषिक भेंट किए गए। इस कार्यक्रम में चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ मनोज पांडे को शामिल होना था लेकिन खराब मौसम की वजह से फ्लाईट लेट होने के कारण वे समारोह में शामिल नहीं हो सके।
सोनल भार्गव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एलएफएस स्कूल बैतूल से पूरी की है और वे शुरू से ही होनहार रही हैं। बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी होने के बाद सोनल न्यायिक शिक्षा के अंतर्गत एलएलएम की पढ़ाई भी नागपुर विद्यापीठ से ही कर रही हैं।
सोनल की इस उपलब्धि पर भार्गव सभा बैतूल, भार्गव सभा मुलताई के सदस्यों एवं जिले के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पत्रकारों, चिकित्सकों, व्यापारियों, राजनेताओं, ईष्टमित्रों, सामाजिक बंधुओं ने शुभकामनाएं दी है।




