Betul: भितरघात करने वाले गद्दारों को सबक जरूरी, धन्यवाद कमलनाथ जी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आठनेर ने लगाए आरोप भाजपा के इशारे पर पार्टी को तोड़ रहे गद्दार
बैतूल। भाजपा के इशारे पर काम कर रहे गद्दार कांग्रेस में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे षड्यंत्रकारियों और गद्दारों को कांग्रेस पार्टी जरूर सबक सिखाएगी। यह बात गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आठनेर अध्यक्ष महेंद्र पंडोले ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर व्यक्त की। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस आलाकमान द्वारा भितरघात करने वाले कांग्रेस पार्षदों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई करने पर पीसीसी चीफ कमलनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभीषण की भूमिका निभा कर अपनी ही पार्टी में भितरघात करने वाले गद्दारों को सबक जरूरी था। उन्होंने पीसीसी चीफ का धन्यवाद करते हुए कहा कि आगे भी ऐसे भितरघातियों पर इसी प्रकार कार्यवाही की जानी चाहिए। कांग्रेस में भितरघात करने वाले और भी गद्दारों को निष्कासित किया जाए।
Shikayat : 2 लाख जमा करवाने के बाद निकाल लिया ट्रांसफार्मर, दर्ज किया चोरी का प्रकरण.. यह पढ़े
मौकापरस्तों को करेंगे बेनकाब
उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ गठजोड़ करने वाले लोगों को ऐसे ही बेनकाब किया जाएगा। कांग्रेस ऐसे मौकापरस्त लोगों से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे लोग जनता के के कल्याण के प्रति काम करने की बजाय अपने निजी हितों को पूर्ण करने में लगे रहते हैं। श्री पंडोले ने कहा कि पार्टी ने गद्दारों को ऊंचे मुकाम तक पहुंचाया, लेकिन अब वे पार्टी के खिलाफ चल रहे हैं। उन नेताओं को शर्म आनी चाहिए जो भाजपा के एजेंट बनकर भाजपा नेताओं के इशारे पर कांग्रेस में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों से कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है, लेकिन यह भी स्पष्ट है कि गद्दारी करने वालों को जनता अब बख्शने वाली नहीं है।
Action : आठनेर नगर परिषद के तीन पार्षदों को कांग्रेस ने पार्टी से बाहर किया… यह पढ़े
संगठन प्रभारी ने की निष्कासन की कार्यवाही
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने जिले की आठनेर नगर परिषद के तीन कांग्रेस पार्षदों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इनमें रीता प्रदीप झोड़, रंजीता परेश मगरदे और प्रियंका सुनील राठौर शामिल हैं। तीनों पर आठनेर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में क्रास वोटिंग करने का आरोप लगाया गया था।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने पार्षदों को भेजे गए निष्कासन पत्र में कहा है कि नगर परिषद आठनेर के अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के अध्यक्ष पद के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ आपके द्वारा क्रास वोटिंग की गई थी। उक्त संबंध में आपसे स्पष्टीकरण चाहा गया था। जो प्रदेश कांग्रेस कमेटी को समय पर प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए आपको कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छः साल के लिए निष्कासित किया जाता है। दरअसल 15 पार्षदों वाली आठनेर नगर परिषद के चुनाव में भाजपा के 9, कांग्रेस के 5 और एक निर्दलीय पार्षद जीते थे। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए सारिका माथनकर को मैदान में उतारा था और भाजपा ने सुषमा जगताप को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया था।
चुनाव प्रभारी ने की थी शिकायत
आठनेर नगर परिषद चुनाव में मतदान के बाद भाजपा उम्मीदवार सुषमा को 13 वोट मिल गए जबकि भाजपा के पास मात्र 9 पार्षद थे। कांग्रेस की सारिका माथनकर को मात्र 2 वोट ही मिल पाए थे। उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के विनय जीतपुरे को 13 वोट मिल गए थे और कांग्रेस की प्रियंका राठौर 2 ही वोट हासिल कर पाईं थी। क्रास वोटिंग को लेकर चुनाव के प्रभारी द्वारा शिकायत की गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने पहले नोटिस थमाया और अब तीनों पार्षदों काे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।