बेपरवाही: बैतूल जिले में आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरण छह माह से लंबित

संयुक्त कलेक्टर ने दस दिन में लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए


Today Betul News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में राजस्व विभाग के द्वारा छह माह से आरसीएमएस में दर्ज प्रकरणों का निराकरण नहीं किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय बैतूल, मुलताई, भैंसदेही, शाहपुर, आमला और सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार कार्यालय में कई प्रकरण लंबित हैं और आम जन परेशान हो रहे हैं।

इसे देखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को दस दिन के भीतर आरसीएमएस में दर्ज लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त कलेक्टर के द्वारा इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि आर.सी.एम.एस. पोर्टल के अवलोकन करने पर यह पाया गया कि निर्वाचन के दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमाकंन एवं राजस्व के अन्य प्रकरण बहुत अधिक संख्या में छह माह से अधिक समय से लंबित है।

सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आगामी दस दिवस में राजस्व के लंबित प्रकरणों में विशेष रूप से सुनवाई करते हुये समय सीमा में गुणदोष के आधार पर आदेश पारित कर पोर्टल पर अपलोड करने की कार्यवाही की जाए। साथ ही पक्षकारों को आदेश की तामिली भी यथासमय कराई जाए । लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में अनुविभाग स्तर पर समीक्षा अनुविभागीय अधिकारी एवं एवं जिला स्तर पर अपर कलेक्टर द्वारा प्रतिदिन की जाएगी।

जिस राजस्व न्यायालय में प्रतिदिन प्रकरणों में सुनवाई/निराकरण की गई कार्यवाही संतोषजनक नहीं पाई जाएगी उस न्यायालय की जानकारी से तत्काल कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि प्राथमिकता के आधार पर उक्त निर्देशों का पालन किया जाए।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने भी राजस्व विभाग के कामकाज को लेकर अधिकारियों को विभिन्न निर्देश दिए हैं। इसी के चलते जिले में भी राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button