Strong Action: 12 वीं बोर्ड परीक्षा में जीरो रिजल्ट, रोंढा स्कूल के स्टाफ को हटाने के निर्देश
बैतूल में कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने कड़ी कार्रवाई की, कहा कमजोर परीक्षा परिणाम स्वीकार्य नहीं

Betul News : बैतूल। जिले के रोंढा ग्राम में स्थित स्कूल में कक्षा 12 वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जीरो प्रतिशत आने पर कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने कठोर कार्रवाई करने का फरमान सुना दिया है। स्कूल में कक्षा 12 वीं की परीक्षा में एक भी छात्र के पास न होने और शून्य परीक्षा परिणाम आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए स्कूल में पदस्थ स्टाफ को अन्य संस्थाओं में संलग्र करने के निर्देश दे दिए।इतना ही नहीं कलेक्टर ने कमजोर प्रदर्शन वाले अतिथि शिक्षकों को हटाने के निर्देश भी शिक्षा एवं जन जातीय कार्य विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए हैं।
बैठक में कलेक्टर बैंस ने वर्षा के कारण नदी-नालों को जोखिम उठाकर पार कर रहे बच्चों के मामले सामने आने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वर्षाकाल के दृष्टिगत विद्यार्थियों का सुरक्षित मार्गों से स्कूल पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई मार्ग असुरक्षित है तो वैकल्पिक मार्ग से बच्चों को स्कूल पहुंचने की व्यवस्था की जाए। स्कूलों के प्रबंधन से भी अपेक्षा की है कि वे विद्यार्थियों के स्कूल आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी रखें। यदि आवश्यक हो तो शिक्षक बच्चों को अपनी अथवा अन्य मैदानी सरकारी अमले की निगरानी में ही स्कूल आने-जाने की व्यवस्था करें।
कलेक्टर ने पूरक पात्रता प्राप्त विद्यार्थियों को लिए जिले में संचालित हो रही विशेष कक्षाओं में विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो बच्चे नहीं आ रहे है उनके अनुपस्थित होने के कारणों का विश्लेषण किया जाए। प्रत्येक बच्चे एवं उसके अभिभावक से वन टू वन संपर्क कर उनके नहीं आने के कारणों को तलाशें एवं विद्यार्थियों का कक्षाओं में आना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने 10वीं एवं 12वीं के कमजोर परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों की भी स्कूलवार समीक्षा की।
बैठक में विद्यार्थियों को लिखने की आदत डालने के लिए स्कूलों में डिक्टेशन क्लास आयोजित करने पर भी विचार किया गया। बैठक में स्मार्ट क्लास, ई स्कूटी योजना, नि:शुल्क साईकिल वितरण, नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण की भी समीक्षा की गई। गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम के तहत मानीटरिंग मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कहा गया कि मासिक टेस्ट लेने की व्यवस्था का भी रिव्यू किया जाए।




