जगन्नाथ रथ के दर्शन मात्र से होती है मनोकामना पूरी, 25 जुलाई को बैतूल में निकलेगी भव्य रथ यात्रा

बैतूल। उड़ीसा के पुरी में विराजमान भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा की तर्ज पर बैतूल में पहली बार इस्कॉन के सहयोग श्री जगन्नाथ रथयात्रा समिति बैतूल में 25 जुलाई शनिवार को भव्य रथ यात्रा निकालने जा रही है। मान्यता है कि जगन्नाथ रथ और उसमें विराजमान भगवान के दर्शन मात्र से ही श्रद्वालुओं की मांगी गई मनोकामना पूरी होती है।आयोजन में समर्पण भाव से जुड़े समाजसेवी अरुण किलेदार, राजेश आहूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस्कॉन के सहयोग से श्री जगन्नाथ रथयात्रा समिति पहली बार 25 जुलाई शनिवार को पुरी की विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा निकाल रही है। भगवान श्री जगन्नाथ जी, उनके बड़े भाई बलभद्र जी और बहन सुभद्रा जी इस रथ पर सवार होकर श्रद्वालुओं को आशीर्वाद देने निकलेंगे। उन्होंने बताया कि वर्षों से यह मान्यता बनी हुई है कि जिस जिस मार्ग से भगवान जगन्नाथ जी का रथ गुजरेगा वहां मौजूद श्रद्वालु रथ या रथ में विराजमान भगवान के मात्र दर्शन करने से उनकी मांगी गई मनोकामना पूरी होती है। इसीलिए लाखों की संख्या में श्रद्वालु पुरी पहुंचकर रथ या रथ में सवार भगवानों के दर्शन कर मनोकामना मांगते हैं। सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना भगवान पूरी करते हैं। श्री आहूजा ने बताया कि पहली बार भगवान जगन्नाथ जी का रथ यात्रा शहर में निकलने से श्रद्धालुओं में अभी से भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस्कॉन इंदौर की टीम पहुंची

आयोजन समिति के योगी खंडेलवाल, जैमिन पटेल ने बताया कि इस्कॉन मंदिर इंदौर की टीम रथयात्रा को व्यवस्थित तौर पर संचालित करने के लिए बैतूल पहुंच चुकी है। दस सदस्यीय टीम श्री जगन्नाथ रथयात्रा समिति के साथ समन्वय बनाकर शहर में घूम -घूम कर रथयात्रा सफल बनाने को लेकर जुटी हुई है।

इन मार्गों से गुजरेगा भगवान का रथ

आयोजन से जुड़े हेमंत पगारिया, रामानुज माहेश्वरी, अतुल पगारिया ने बताया कि रथयात्रा माता मंदिर अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास गंज से दोपहर 3 बजे निकलकर कांतिशिवा चौक, दिलबहार चौक, मस्जिद चौक से होकर एच डी एफ सी बैंक से टांगा स्टैंड चौक से होकर आदित्य होंडा शोरूम के सामने से निकलकर शाम 5 बजे रामकृष्ण बगिया गंज पहुंचेगी, यहां इस्कॉन मंदिर इंदौर से पधारे संतजन प्रवचन देंगे। इसके उपरांत पूजन-आरती के पश्चात प्रसाद वितरण होगा। श्री जगन्नाथ रथयात्रा समिति ने सभी श्रद्वालुओं से भव्य रथ-यात्रा में परिवार समेत शामिल होकर रथ खींचकर एवं प्रसादी प्राप्त कर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button