उज्जैन में राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह संपन्न
बैतूल जिले के युवा विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत साहू सम्मानित

बैतूल। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह महाकाल नगरी उज्जैन में आयोजित किया गया। इसमें देशभर से समाज के प्रतिनिधि, महिलाएं, युवा और समाजसेवी शामिल हुए। कार्यक्रम में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के साथ सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं और समाजसेवियों का सम्मान किया गया।
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह एवं छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने शिक्षक सम्मान के तहत श्रीमती मंजू साहू (ब्यावरा), श्रीमती संध्या साहू (सागर), रामनरेश साहू (राजस्थान) एवं दिलीप साहू (राजस्थान) को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान देशभर से आए समाजबंधुओं ने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता ने की। उन्होंने सामाजिक एकजुटता, शिक्षा और युवा शक्ति को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अशोक नोखेलाल साहू ने बैतूल जिले के युवा विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत साहू को सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित किया। हेमंत साहू द्वारा बैतूल जिले की विभिन्न तहसीलों में समाज से जुड़ी राष्ट्रीय, प्रादेशिक, संभागीय एवं जिला स्तरीय महत्वपूर्ण जानकारियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, युवाओं को संगठित करने तथा शिक्षा, स्वच्छता और रोजगार जैसे विषयों पर कार्य करने की सराहना की गई। 51 करोड़ गौ सम्मान अभियान के हस्ताक्षर अभियान में सक्रिय योगदान के लिए भी उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
अधिवेशन में बैतूल जिले के वरिष्ठ समाजसेवी अशोक साहू महाराज, पंकज साहू, भुनेश साहू, बेलजी साहू सहित मनीष साहू, देवेंद्र साहू, आकाश साहू और अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों को भी राष्ट्रीय मंच पर समाजसेवा के लिए सम्मानित किया गया।।



