छात्रों के संघर्ष के आगे झुकी सरकार, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लोकतंत्र की जीत: जिला कांग्रेस 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बैतूल में कांग्रेस ने निकाला विजय मार्च,एआईसीसी के निर्देश पर बदला कैंडल मार्च और सत्याग्रह कार्यक्रम युवाओं ने सरकार को झुकाया, यही ताकत तानाशाही का जवाब देगी: कांग्रेस

बैतूल। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को पूर्व घोषित कैंडल मार्च और सत्याग्रह के स्थान पर विजय मार्च निकाला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित यह विजय मार्च शाम 6:30 बजे कारगिल चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। मार्च में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता, छात्र, युवा, अभिभावक और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताते हुए नारे लगाए।

गौरतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को तत्काल कार्यक्रम में बदलाव करने के निर्देश जारी किए। संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले ने जारी संदेश में पहले प्रस्तावित कैंडल मार्च और सत्याग्रह के स्थान पर विजय मार्च आयोजित करने के निर्देश दिए। जिला कांग्रेस कमेटी ने इन्हीं निर्देशों के अनुरूप पूर्व निर्धारित समय और मार्ग पर विजय मार्च आयोजित किया।

– युवाओं के लंबे संघर्ष, जननायक राहुल गांधी के दृढ़ नेतृत्व की लोकतांत्रिक जीत

जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि देश के युवाओं ने अपने संघर्ष और एकजुटता से केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देश के छात्रों और युवाओं के लंबे संघर्ष तथा जननायक राहुल गांधी के दृढ़ नेतृत्व की लोकतांत्रिक जीत है। यह संदेश है कि संगठित युवा शक्ति अन्याय और तानाशाही के खिलाफ सरकार को झुकाने की ताकत रखती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही युवा ताकत सरकार की तानाशाही का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और युवाओं के अधिकारों तथा पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की लड़ाई पहले से अधिक मजबूती के साथ लड़ी जाएगी।

विजय मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कारगिल चौक से अंबेडकर चौक तक निकले मार्च के दौरान कांग्रेस ने छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों एवं युवाओं के संघर्ष की महत्वपूर्ण जीत बताते हुए भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button