There is a shortage of basic facilities in Pavandham Colony: पावनधाम कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का टोटा, रहवासी बोले- सपनों का घर बना मुसीबत, रोड, बिजली, नाली सब अधूरी

जनसुनवाई में पहुंचे पावनधाम कॉलोनी के रहवासी, कलेक्टर से की शिकायत


बैतूल। टिकारी क्षेत्र की पावनधाम कॉलोनी के रहवासी इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। मंगलवार को जनसुनवाई में प्रेमसिंह, गोपाल यादव, शेरसिंह, सरवन यादव, किशन यादव, सुमित यादव, विजय सरकार, इंद्रदेव बारस्कर, दीपेंद्र देशमुख, कृष्णकांत राने, प्रणिता बरडे, भीमराव वागद्रे, अविनाश यादव, सरला सागरे, संजय राठौर, पूजा यादव और तुलसी बिष्ट सहित कॉलोनी के अनेक नागरिकों ने आवेदन देकर प्रशासन से गुहार लगाई कि उन्हें रोड, नाली, बिजली, गार्डन, मंदिर और पक्की नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएं।
आवेदकों ने बताया कि उन्होंने सुनील गुप्ता से मोती वार्ड, टिकारी में स्थित खसरा नंबर 224/3 की भूमि पर प्लाट खरीदे थे। सुनील गुप्ता द्वारा इस जमीन पर कॉलोनी विकसित की गई थी और उन्होंने रहवासियों से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा भी किया था। लेकिन कॉलोनी में न तो अब तक रोड बनाई गई, नाली का निर्माण अधूरा है, न बिजली के पर्याप्त पोल लगे हैं, न पार्क या गार्डन बना है और न ही किसी प्रकार का मंदिर या पक्का नाला विकसित किया गया है।
रहवासियों ने जनसुनवाई में शिकायत करते हुए कहा कि इस कॉलोनी में परिवारों ने अपने जीवन भर की पूंजी लगाकर मकान बनाए हैं, लेकिन आज भी वे सड़क, पानी और बिजली जैसी जरूरी सुविधाओं को तरस रहे हैं। बारिश के दिनों में गलियों में कीचड़ भर जाती है, जल निकासी के अभाव में घरों में पानी भरने लगता है, और गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बना रहता है।
कॉलोनीवासियों ने जनप्रतिनिधियों से भी शिकायत की है। उन्होंने आवेदन की प्रतिलिपि सांसद, विधायक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा नगर पालिका अध्यक्ष को भी भेजी है। कॉलोनी के रहवासी इस आस में बैठे हैं कि कब उन्हें उनके हक की सुविधाएं मिलती हैं और कब कॉलोनी एक आदर्श आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button