विद्यालय के 25 वर्ष पूरे होने पर टॉपर्स विद्यार्थियों को मिले लैपटॉप।

उड़ान... सपनों की समारोह में श्री विनायकम स्कूल ने प्रतिभाओं को दिया सम्मान।

बैतूल। श्री विनायकम स्कूल ने अपनी 25 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को विद्यालय परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह उड़ान… सपनों की का आयोजन किया। शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को समर्पित इस समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया तथा विद्यालय की शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं नवाचार आधारित उपलब्धियों को साझा किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय परिवार ने उन मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जिन्होंने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय तथा जिले का नाम रोशन किया। सीबीएसई कक्षा 12 गणित संकाय के छात्र नीरज नहारिया को 95 प्रतिशत अंक अर्जित करने तथा मध्यप्रदेश बोर्ड कक्षा 12 वाणिज्य संकाय के छात्र कृतिक नागले को 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं नर्सरी से कक्षा 12 तक के विभिन्न वर्गों में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

– विद्यार्थियों के सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प

समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्याम साहू ने कहा कि उड़ान… सपनों की विद्यार्थियों के सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य जिम्मेदार, संस्कारित, आत्मविश्वासी और राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने वाले नागरिक तैयार करना है।

विद्यालय के डायरेक्टर संजय राठौर ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में श्री विनायकम स्कूल ने विद्यार्थियों को शिक्षित करने के साथ उनके सपनों को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी विद्यालय परिवार के लिए विशेष है और उसकी सफलता पूरे संस्थान का गौरव है। आने वाले वर्षों में शिक्षा, खेल, संस्कृति, विज्ञान और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्टता स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

– उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ा रहे विद्यार्थी

विद्यालय ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणामों की अपनी परंपरा को भी रेखांकित किया। विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों में पलक राठौर ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला मेरिट में तृतीय स्थान हासिल किया था, जबकि रोशनी पवार ने 93.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिला मेरिट में तीसरा स्थान प्राप्त किया। यश पवार ने स्टेट मेरिट में दसवीं रैंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष नीरज नहारिया और कृतिक नागले ने शानदार प्रदर्शन कर सफलता का नया अध्याय जोड़ा है।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों का श्रेय अनुभवी शिक्षकों के समर्पण, आधुनिक शिक्षण पद्धति, नियमित शैक्षणिक मूल्यांकन और अभिभावकों के सतत सहयोग को दिया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में स्थापित श्री विनायकम स्पोर्ट्स अकादमी के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर से पहचानकर वैज्ञानिक प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

– शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका

श्री विनायकम स्कूल शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विद्यालय में नृत्य, संगीत, आर्ट एंड क्राफ्ट, नाटक, भाषण, वाद-विवाद, कविता पाठ, योग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। वर्षभर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को विकसित किया जाता है।

विद्यालय की उपलब्धियों में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज ऐतिहासिक कीर्तिमान भी शामिल है। विद्यार्थियों ने समूह में आधुनिक आवर्त सारणी का सटीक एवं प्रभावशाली वाचन कर प्रत्येक तत्व का परमाणु क्रमांक, नाम और प्रतीक चिन्ह आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया था। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, टीमवर्क और शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का प्रमाण मानी जाती है।

समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय की 25 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना की। उड़ान… सपनों की कार्यक्रम विद्यालय के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button