वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई मां माचना मैया और शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा

मां माचना घाट ग्रीन सिटी में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का विधि-विधान से समापन

बैतूल। मां माचना घाट ग्रीन सिटी स्थित नवनिर्मित मंदिर में मां माचना मैया की प्रतिमा एवं शिवलिंग की स्थापना को लेकर आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव बुधवार 11 फरवरी को दोपहर 2 बजे पूर्णाहुति के साथ विधि-विधान से संपन्न हो गया। 9 फरवरी से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में अंतिम दिवस पर विशेष हवन-पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान किए गए।

– पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ महोत्सव

अंतिम दिन पंडित सुखदेव शर्मा सहित वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं पूर्णाहुति की प्रक्रिया पूरी कराई गई। निर्धारित मुहूर्त में मां माचना मैया की प्रतिमा एवं शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत संपन्न हुई। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

– वैदिक रीति से हुई प्रतिमा स्थापना

पूरे कार्यक्रम के दौरान शास्त्रोक्त विधि-विधान का पालन किया गया। प्रतिमा स्थापना से पूर्व पूजन, अभिषेक एवं अनुष्ठान संपन्न कराए गए। प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात श्रद्धालुओं ने नवस्थापित मां माचना मैया एवं शिवलिंग के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

– आनंद प्रजापति ने जताया आभार

मां माचना जन्मोत्सव समिति के संयोजक आनंद प्रजापति ने बताया कि तीन दिनों तक चले इस आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्ण सहयोग मिला। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों एवं समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पूर्णाहुति के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की गई थीं। मां माचना घाट ग्रीन सिटी में पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button