संविधान और जनहित की आवाज़ बनने वाले युवाओं को कांग्रेस देगी मंच।
बैतूल से शुरू हुआ सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान । युवा और इंफ्लूएंसर्स करेंगे सोशल मीडिया वॉरियर्स कैंपेन का आगाज ।

बैतूल। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और डिजिटल दौर की बदलती सियासत के बीच कांग्रेस ने सोशल मीडिया के मोर्चे पर अपनी ताकत बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल एवं जिला कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं, इंफ्लूएंसर्स और संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले जागरूक नागरिकों को कांग्रेस संगठन से जोड़ना बताया गया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम संभाग प्रभारी सुमीत गुगनानी ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस अभियान के माध्यम से बैतूल जिले के सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स तथा ऐसे युवाओं को अवसर दिया जाएगा जो सत्ता पक्ष को आईना दिखाने और जनता की आवाज़ बनकर कांग्रेस से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़ना चाहते हैं। चयनित प्रतिभागियों को उनकी योग्यता के अनुसार जिम्मेदारियां दी जाएंगी तथा भविष्य में आवश्यक होने पर विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

– 30 जून तक घोषित होंगे अंतिम परिणाम
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा इस अभियान के लिए एक गूगल फॉर्म जारी किया गया है। फॉर्म भरने की अवधि 1 जून से 15 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद 15 जून से 19 जून तक आवेदनों की स्क्रूटनी होगी, 20 जून से 23 जून तक साक्षात्कार लिए जाएंगे और 30 जून तक अंतिम परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता लवलेश राठौर ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक एवं रचनात्मक युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी ऐसे युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को जनहित की लड़ाई में शामिल करना चाहती है।
– रचनात्मक सोच प्रदर्शित करने का मिलेगा अवसर
बैतूल ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार चौबे और बैतूल शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज आहूजा ने कहा कि यह अभियान नई सोच, नई प्रतिभाओं और नई ऊर्जा को संगठन से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज की सकारात्मक और जागरूक आवाज़ों को संगठन से जोड़ते हुए जनहित, संविधान और लोकतंत्र की लड़ाई को मजबूत करना है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को व्यापक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रवक्ता लवलेश राठौर बब्बा, शहर ब्लॉक अध्यक्ष मनोज आहूजा, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार चौबे, जिला कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी अनूप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




