मानव जीवन का आधार है पर्यावरण: मधु चौहान।
भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण हमारा नैतिक दायित्व: राजू सलाम।

आठनेर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड आठनेर के निर्देशन में नवांकुर संस्था ग्राम मानव सेवा समिति बोरपानी एवं ताप्ती प्रभास नागरिक सेवा समिति सावंगी द्वारा ग्राम बोरपानी, देहगुड़ और सावंगी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के 21 पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने कहा कि पर्यावरण मानव जीवन का आधार है। बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे समय में अधिक से अधिक पौधारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उनका संरक्षण और संवर्धन भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
नवांकुर संस्था बोरपानी के अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य राजू सलाम ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों का क्षरण मानव अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पौधारोपण हमारा नैतिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

नवांकुर संस्था सावंगी के अध्यक्ष दिनेश माकोड़े ने कहा कि यदि आज हम प्रकृति संरक्षण के प्रति सजग नहीं हुए तो भविष्य में गंभीर पर्यावरणीय संकटों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और हरित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष सिंह चौहान, पंच सुखनंदन इवने, विकासखंड समन्वयक बबलू उइके, पंचायत सचिव मनोहर सूर्यवंशी, रोजगार सहायक राजेश सलामे, हॉस्टल अधीक्षक उषा बेले, दशरथ धुर्वे, सोनू उइके, गणपत बोहरपी, बलवंत बारस्कर, पंजाबराव बारस्कर, शकुंतला माकोड़े, देवी डोंगरे, हेमलता दवंडे, पंच शिवकिशोर झाड़े, निखिलेश झाड़े तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देहगुड़ के अध्यक्ष सुभाष सिलधरे सहित बड़ी संख्या में सीएमसीएलडीपी छात्र एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एक पेड़, अनेक जीवन का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया।




