मुख्यमंत्री का बयान सत्ता के अहंकार का प्रदर्शन : विजय पारधी।

मुख्यमंत्री की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ, जनता देगी जवाब : विजय पारधी । किसानों-युवाओं के मुद्दों पर जवाब दे सरकार, विपक्ष पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं : कांग्रेस। जीतू पटवारी पर टिप्पणी को लेकर जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने किया पलटवार।

बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर बैतूल में कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता विजय पारधी ने मुख्यमंत्री के बयान को अभद्र, अमर्यादित और अशोभनीय बताते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार की राजनीतिक हताशा और बौखलाहट को दर्शाता है।

पारधी ने जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री का पद प्रदेश की आठ करोड़ जनता के सम्मान का प्रतीक होता है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनहित के मुद्दों पर जवाब देने में विफल सरकार अब विपक्ष का अपमान कर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान अपनी उपज के उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहा है, युवा बेरोजगारी से परेशान हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, महंगाई से आमजन प्रभावित हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक विरोधियों पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रही है।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी लगातार किसानों, युवाओं, मजदूरों और आम जनता की आवाज उठाते हुए भाजपा सरकार को आईना दिखा रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा नेताओं को उनकी बात चुभ रही है। जब तर्क समाप्त हो जाते हैं, तब अपशब्दों की राजनीति शुरू हो जाती है।

पारधी ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह याद रखना चाहिए कि जनता ने उन्हें प्रदेश चलाने के लिए चुना है, विपक्ष को अपमानित करने के लिए नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूल रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है और जनता अहंकार, अपमान तथा जनविरोधी राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अवश्य देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button