भोपाल में राज्यस्तरीय महिला सम्मेलन व योग सेमिनार 31 मई को।
साध्वी डॉ. देवप्रिया देंगी योग और महिला सशक्तिकरण का संदेश। योग को घर-घर पहुंचाने की रणनीति पर बनेगी आगामी कार्ययोजना।

बैतूल। मध्य प्रदेश महिला पतंजलि योग समिति द्वारा आज 31 मई को भोपाल के पॉलीटेक्निक चौराहा स्थित रविंद्र भवन के हंसध्वनि सभागार में राज्यस्तरीय महिला सम्मेलन एवं योग सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में योग ऋषि स्वामी रामदेव के मार्गदर्शन में कार्य कर रहीं महिला पतंजलि योग समिति की राष्ट्रीय मुख्य केंद्रीय प्रभारी एवं पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की विदुषी साध्वी डॉ. देवप्रिया मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी।
सम्मेलन के अंतर्गत मनुष्य के सर्वांगीण विकास में योग की भूमिका विषय पर योग सेमिनार आयोजित होगा, जिसमें साध्वी डॉ. देवप्रिया योग के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक महत्व पर विचार रखेंगी। वहीं भारतीय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एन.पी. सिंह आधुनिक शिक्षा प्रणाली और भारतीय शिक्षा बोर्ड की अवधारणा पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम की संयोजक एवं महिला पतंजलि योग समिति की प्रदेश प्रभारी डॉ. पुष्पांजलि ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रदेश के सभी जिलों से महिला पतंजलि योग समिति की प्रभारी बहनें एवं योग से जुड़ी महिलाएं सम्मेलन में भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि योग को घर-घर पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए समिति लगातार कार्य कर रही है। वर्तमान में महिला पतंजलि योग समिति के माध्यम से हजारों नि:शुल्क योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे बड़ी संख्या में महिला-पुरुष लाभान्वित हो रहे हैं।
डॉ. पुष्पांजलि ने बताया कि सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण विषय पर साध्वी डॉ. देवप्रिया का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिसके आधार पर समिति आगामी वर्ष की कार्ययोजना तैयार करेगी। समारोह में विभिन्न मंत्री, महापौर तथा अन्य प्रतिष्ठित नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है। समिति ने सभी योग प्रेमियों से सम्मेलन में सहभागी बनने की अपील की है।




